तरावड़ी में चलती कार में लगी भीषण आग, चालक ने सूझबूझ से बचाई अपनी जान

तरावड़ी के लल्याणी रोड पर अनाज मंडी के पास वीरवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब चलती कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और गाड़ी आग के गोले में तब्दील होकर धूं-धूं कर जलने लगी। गनीमत रही कि चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते कार को सड़क किनारे खड़ा कर दिया और खुद बाहर निकल गया, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।
राइस मिल के सुपरवाइजर की कार में हादसा
जानकारी के अनुसार गांव ननदी-भौजी निवासी पवन कुमार तरावड़ी की एक राइस मिल में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत हैं। वह रोजाना की तरह वीरवार सुबह अपनी कार से ड्यूटी पर जा रहे थे। जैसे ही वह तरावड़ी मंडी स्थित लल्याणी रोड पर पहुंचे, अचानक कार के म्यूजिक सिस्टम की तरफ से धुआं निकलता दिखाई दिया। पवन कुमार ने बिना देर किए कार को सड़क किनारे रोक दिया।
रेत डालने का प्रयास लेकिन भड़की आग
कार रोकने के बाद उन्होंने आग पर काबू पाने के लिए रेत डालने का प्रयास किया, लेकिन देखते ही देखते आग भड़क उठी। स्थिति बिगड़ती देख पवन कुमार तुरंत कार से दूर हट गए और पुलिस तथा फायर ब्रिगेड को सूचना दी। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और कार धूं-धूं कर जलने लगी। आग की ऊंची लपटें देखकर आसपास के लोग भी मौके पर एकत्रित हो गए।
शॉर्ट सर्किट की आशंका और दमकल की कार्रवाई
पवन कुमार ने बताया कि उन्हें फिलहाल कार में आग लगने के सही कारण का पता नहीं चल पाया है। शुरुआती तौर पर उन्हें आशंका है कि शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी हो सकती है। उन्होंने बताया कि कार पेट्रोल और सीएनजी दोनों से चलती है, इसलिए आग लगने की सूचना मिलते ही वह काफी घबरा गए थे। हालांकि समय रहते कार से बाहर निकलने और फायर ब्रिगेड के पहुंचने से किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। सूचना मिलते ही तरावड़ी पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। मौके पर पहुंचे तरावड़ी पुलिस के आईओ सूरजभान ने बताया कि कार में आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पा लिया गया है। उन्होंने बताया कि चालक की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जाएगी और आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
कार में आग लगने की इस घटना में चालक की सतर्कता सबसे अहम रही। समय रहते कार को सड़क किनारे खड़ा करने और खुद सुरक्षित बाहर निकल जाने के कारण जहां जान-माल की हानि नहीं हुई, वहीं सड़क पर यातायात भी बाधित नहीं हुआ। यदि आग लगने के दौरान कार सड़क के बीच में खड़ी रह जाती या चालक समय पर बाहर नहीं निकल पाता तो हादसा और गंभीर हो सकता था।