सिरसा: युवा देश और समाज की सबसे बड़ी शक्ति है, सीडीएलयू के कुलपति ने नशा विरोधी रैली को किया रवाना

सिरसा: युवा देश और समाज की सबसे बड़ी शक्ति है, सीडीएलयू के कुलपति ने नशा विरोधी रैली को किया रवाना

चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय सिरसा के कुलपति प्रो. विजय कुमार ने कहा है कि युवा देश और समाज की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उन्होंने यह भी कहा कि नशे जैसी सामाजिक बुराई के खिलाफ व्यापक जन-जागरूकता पैदा करने में विद्यार्थियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। कुलपति बुधवार को सीडीएलयू परिसर से नशा विरोधी जन जागरूकता रैली को रवाना करने से पूर्व विद्यार्थियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार और समाज की सामाजिक एवं आर्थिक व्यवस्था को भी कमजोर करता है। उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे गांवों में जाकर लोगों और विशेषकर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें। विद्यार्थियों को स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए भी कहा गया। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति के सामूहिक प्रयास से ही नशे के खिलाफ एक प्रभावी सामाजिक आंदोलन खड़ा किया जा सकता है।

गांवों में जाकर दी जाएगी जागरूकता

सेंटर फॉर रूरल स्टडीज के निदेशक डॉ. रविंद्र ने बताया कि अभियान के दौरान विद्यार्थी जिले के गांव बाजेका एवं कंगनपुर में जाएंगे। विद्यार्थी वहां के लोगों को नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्परिणामों के बारे में जागरूक करेंगे। साथ ही ग्रामीणों को एचआईवी/एड्स तथा यौन संचारित संक्रमणों यानी एसटीआई के प्रति भी आवश्यक जानकारी प्रदान की जाएगी। विद्यार्थियों द्वारा डोर-टू-डोर जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा जनसंवाद के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जाएगा

सघन आईईसी अभियान-2026 की जानकारी

गौरतलब है कि ‘सघन आईईसी अभियान-2026’ का आयोजन किया जा रहा है। इसका आयोजन हरियाणा राज्य एड्स नियंत्रण समिति के तत्वावधान में हो रहा है। स्वास्थ्य विभाग सिरसा एवं चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय द्वारा आगामी 10 अक्टूबर तक यह अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य एचआईवी/एड्स एवं एसटीआई के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना है। इसके साथ ही नशे जैसी सामाजिक बुराई के खिलाफ व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करना भी इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment