चंडीगढ़ के वार्ड-35 की EWS कॉलोनी में बढ़े बिजली बिलों और लटकती तारों पर विक्रांत तंवर का भाजपा पर तीखा हमला

चंडीगढ़ के वार्ड-35 की EWS कॉलोनी में बढ़े बिजली बिलों और लटकती तारों पर विक्रांत तंवर का भाजपा पर तीखा हमला

चंडीगढ़ के वार्ड नंबर 35 की EWS कॉलोनी, सेक्टर-49 में बढ़े हुए बिजली बिलों से परेशान लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए एक विशेष कैंप आयोजित किया गया। यह बिजली बिल समस्या समाधान कैंप सिटीजन फोरम वार्ड-35 के प्रधान एवं आम आदमी पार्टी के स्टेट मीडिया इंचार्ज विक्रांत ए. तंवर द्वारा आयोजित करवाया गया। इस कैंप में CPDL के अधिकारियों की मौजूदगी में स्थानीय निवासियों की बिजली बिलों से संबंधित शिकायतें सुनी गईं। कैंप में कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया। बड़ी संख्या में EWS कॉलोनी के निवासियों ने कैंप में पहुंचकर अपनी शिकायतें दर्ज कराईं और इसका पूरा लाभ उठाया।

भाजपा की नीतियों पर विक्रांत तंवर का कड़ा प्रहार

इस अवसर पर विक्रांत ए. तंवर ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एक दिहाड़ीदार मजदूर, जिसके घर में सिर्फ पंखे हैं और कूलर तक नहीं है, उसके घर का बिजली बिल भी ₹1,000 से अधिक आ रहा है। उन्होंने सवाल किया कि वह गरीब आदमी इतनी महंगाई में बिजली का इतना बड़ा बिल भरने के बाद अपने परिवार को क्या खिलाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियों के कारण दिहाड़ीदार मजदूरों और गरीब वर्ग के लिए जीवनयापन करना लगातार मुश्किल होता जा रहा है। तंवर ने जानकारी दी कि पंजाब में हर महीने 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली दी जा रही है। पंजाब में बड़ी संख्या में लोगों के बिजली बिल शून्य आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की भगवंत मान सरकार गरीब और आम लोगों को राहत देने की दिशा में काम कर रही है। इसके विपरीत चंडीगढ़ के लोगों को बढ़े हुए बिजली बिलों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने मुनाफे में चल रहे चंडीगढ़ के बिजली विभाग का निजीकरण कर दिया। बिजली व्यवस्था निजी हाथों में सौंपने के बाद आम उपभोक्ताओं पर बिजली के बिलों का बोझ काफी बढ़ गया है। उन्होंने दावा किया कि कई परिवारों के बिजली बिल पहले की तुलना में कई गुना बढ़ गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि बिजली की न्यूनतम स्लैब सीमा में बदलाव और मुफ्त बिजली की सुविधा उपलब्ध न होने से आम एवं गरीब परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। विक्रांत ए. तंवर ने सवाल किया कि चंडीगढ़ की जनता का आखिर क्या कसूर है। उन्होंने कहा कि अगर पंजाब में गरीब परिवारों को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली मिल सकती है, तो चंडीगढ़ के गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को ऐसी राहत क्यों नहीं दी जा सकती। उन्होंने भाजपा से सवाल किया कि बिजली के बढ़ते बिलों और निजीकरण के बाद आम जनता पर पड़ रहे आर्थिक बोझ की जिम्मेदारी कौन लेगा।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

सेक्टर-49 की EWS कॉलोनी में लटकती तारों से मंडरा रहा जान का खतरा

इसी दौरान विक्रांत ए. तंवर ने वार्ड-35 की EWS कॉलोनी, सेक्टर-49 का मौके पर निरीक्षण किया। उन्होंने इस दौरान बिजली के खंभों और स्ट्रीट लाइटों पर खुले एवं असुरक्षित बिजली कनेक्शन तथा जगह-जगह लटकती तारें देखीं। उन्होंने कहा कि लगभग हर खंभे पर खुले में लटकती तारें किसी बड़े हादसे को खुला निमंत्रण दे रही हैं। जिस EWS कॉलोनी में गरीब परिवार पहले ही बढ़े हुए बिजली बिलों से परेशान हैं, वहीं खुले बिजली कनेक्शन और असुरक्षित वायरिंग उनकी जान के लिए भी बड़ा खतरा बनी हुई है। तंवर ने कहा कि पंजाब यूनिवर्सिटी में करंट लगने की घटना में हम एक होनहार छात्र को पहले ही खो चुके हैं। इसके बावजूद अगर प्रशासन और संबंधित विभाग वार्ड-35 की EWS कॉलोनी में खुले बिजली कनेक्शनों और लटकती तारों को लेकर गंभीर नहीं होते, तो यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने सवाल किया कि क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है। उन्होंने प्रशासन और बिजली विभाग से स्पष्ट मांग की कि सेक्टर-49 की EWS कॉलोनी में बिजली के खंभों, स्ट्रीट लाइटों, खुले कनेक्शनों और लटकती तारों का तत्काल सुरक्षा निरीक्षण करवाया जाए। उन्होंने कहा कि सभी असुरक्षित कनेक्शनों को प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षित किया जाए। तंवर ने जोर देकर कहा कि बिजली केवल बिल का मुद्दा नहीं है, बल्कि यह लोगों की जान और सुरक्षा का भी सवाल है। प्रशासन को कोई भी बड़ा हादसा होने के बाद कार्रवाई करने के बजाय संभावित खतरों को पहले ही दूर करना चाहिए।

जनता आने वाले चुनावों में देगी भाजपा की नीतियों का जवाब

विक्रांत तंवर ने कहा कि इस बिजली बिल समाधान कैंप का मुख्य उद्देश्य राजनीति से ऊपर उठकर लोगों की वास्तविक समस्याओं का मौके पर समाधान करवाना है। उन्होंने घोषणा की कि आने वाले समय में भी ऐसे जनसमस्या समाधान कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन कैंपों का उद्देश्य लोगों को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें, यह सुनिश्चित करना है। तंवर ने अंत में कहा कि चंडीगढ़ की जनता सब कुछ देख और समझ रही है। जनता आने वाले चुनावों में बढ़ती महंगाई, बढ़े हुए बिजली बिलों, बिजली सुरक्षा की अनदेखी और भाजपा की नीतियों का जवाब अपने वोट के माध्यम से पूरी ताकत से देगी। यह प्रेस विज्ञप्ति विक्रांत ए. तंवर, स्टेट मीडिया इंचार्ज, आम आदमी पार्टी, चंडीगढ़ द्वारा जारी की गई है।

Share:

Comments

Leave a comment