सिविल लाइन पुलिस ने किया अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, आठ चोरी की बाइक बरामद

सिविल लाइन पुलिस ने एक बड़े अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से अलग-अलग स्थानों एवं राज्यों से चोरी की गई आठ मोटरसाइकिल, एक फर्जी नंबर प्लेट और बाइक चोरी कर बेचने से मिले चार हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर मुजफ्फरनगर के अलावा हरियाणा, उत्तराखंड, चंडीगढ़ और नोएडा से भी मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की है।
पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई
थाना सिविल लाइन में पत्रकारों से वार्ता करते हुए एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन, पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन की गई। पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन, सहायक पुलिस अधीक्षक नगर/क्षेत्राधिकारी नगर सिद्धार्थ के. मिश्रा तथा थाना प्रभारी सिविल लाइन इन्द्रजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
एसडी मार्केट और साईं हॉस्पिटल से हुई थीं चोरियां
पुलिस के अनुसार तीन अगस्त 2026 को अज्ञात चोरों ने थाना सिविल लाइन क्षेत्र के एसडी मार्केट से एक मोटरसाइकिल चोरी कर ली थी। इस संबंध में थाना सिविल लाइन पर मुकदमा दर्ज किया गया था। इसी दिन चोरों ने साईं हॉस्पिटल के पास से भी एक मोटरसाइकिल चोरी की थी। इस घटना के संबंध में भी मुकदमा दर्ज किया गया था और दोनों घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया था।
संधावली अंडरपास के पास मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तारी
पुलिस के मुताबिक 11 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली कि एसडी मार्केट और साईं हॉस्पिटल से मोटरसाइकिल चोरी करने वाले आरोपी चोरी की बाइक लेकर संधावली अंडरपास के पास किसी अन्य वारदात को अंजाम देने की फिराक में खड़े हैं। सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी करते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान और बरामदगी
पुलिस ने मौके से जावेद उर्फ सबलू पुत्र इरशाद कुरैशी निवासी ग्राम कवाल, थाना जानसठ तथा आश मौहम्मद उर्फ आशू पुत्र मुंतियाज निवासी ग्राम छछरौली, थाना ननौता, सहारनपुर को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर छह अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं। इस तरह पुलिस कार्रवाई में कुल 8 चोरी की मोटरसाइकिल, एक फर्जी नंबर प्लेट और 4 हजार रुपये नकद बरामद हुए।
विभिन्न स्थानों से चुराई गई थीं गाड़ियां
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अपने तीसरे साथी के साथ मिलकर 16 जुलाई 2026 को कोर्ट रोड स्थित अंबेडकर प्रतिमा के पास से होंडा लिवो मोटरसाइकिल चोरी की थी। इसके अलावा दो अगस्त 2026 को शिव चौक के पास एसडी मार्केट के सामने से स्प्लेंडर प्रो मोटरसाइकिल चोरी करने की बात भी स्वीकार की। आरोपियों ने इन मोटरसाइकिलों की नंबर प्लेट हटाकर करीब 8-8 हजार रुपये में बेच दिया था।
अन्य राज्यों तक फैला था गिरोह का नेटवर्क
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि दो अगस्त को ही उन्होंने सर्कुलर रोड स्थित साईं हॉस्पिटल से सुपर स्प्लेंडर और एसडी मार्केट से पैशन प्रो चोरी की थी। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उनके गिरोह ने मुजफ्फरनगर के अलावा यमुनानगर (हरियाणा), रुड़की, चंडीगढ़ और नोएडा सहित अन्य स्थानों से भी मोटरसाइकिलें चोरी की हैं। पुलिस अब तीसरे आरोपी के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
आपराधिक इतिहास और पुलिस टीम
गिरफ्तार आरोपी जावेद उर्फ सबलू का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है जिसके खिलाफ विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं। इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने वाली 12 सदस्यीय पुलिस टीम में उपनिरीक्षक प्रशान्त कुमार गिरी, उधम सिंह, पंकज सागर, लोमेश कुमार, हेड कांस्टेबल दीपक कुमार तथा अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।