बावल में 23 अगस्त को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आगमन, डीसी-एसपी ने सभा स्थल का लिया जायजा

बावल में 23 अगस्त को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आगमन, डीसी-एसपी ने सभा स्थल का लिया जायजा

मेघवाल उत्थान समिति के निमंत्रण पर 23 अगस्त को बावल की अनाज मंडी में आयोजित होने वाले अनुसूचित जाति समरसता एवं प्रतिभा सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों को लेकर मंगलवार को उपायुक्त अभिषेक मीणा, पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र मीणा तथा बावल के उपमंडल अधिकारी नागरिक संजीव कुमार ने सभा स्थल का दौरा किया।

अधिकारियों ने तैयारियों का लिया जायजा

अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड, पार्किंग व्यवस्था तथा मुख्यमंत्री के आगमन पर पहुंचने वाले कार्यकर्ताओं एवं आमजन के बैठने की व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की गई। मौके पर मेघवाल उत्थान समिति के संरक्षक वेद प्रकाश बावलिया सहित समिति के सदस्य मौजूद रहे।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

समिति द्वारा प्रचार समितियों का गठन

समिति के संरक्षक वेद प्रकाश बावलिया ने बताया कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए समिति के आठ सदस्यों की अगुवाई में प्रचार कमेटी का गठन किया गया है। मुख्यमंत्री के बावल आगमन पर समिति की ओर से भव्य स्वागत किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर गांव-गांव और घर-घर संपर्क के लिए प्रचार टोलियां भी गठित की गई हैं। उन्होंने बताया कि प्रचार एवं जनसंपर्क की जिम्मेदारी समिति के प्रधान सूरजभान, देवेंद्र, अशोक मेघवाल, विक्रम बेरवाल, भूपेंद्र, सावंत सिंह, भान सिंह तथा महेंद्र सिंह झांझरिया गुजरी वास को सौंपी गई है।

मेधावी विद्यार्थियों का होगा सम्मान

वेद प्रकाश ने बताया कि समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी समाज के मेधावी विद्यार्थियों एवं प्रतिभाओं को सम्मानित करेंगे। इनमें 10वीं और 12वीं कक्षा में 80 प्रतिशत या इससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी, बीए, बीएड और एमए में 60 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने वाले विद्यार्थी, विश्वविद्यालय टॉपर, आईआईटी, नीट एवं आईआईएम में चयनित विद्यार्थी तथा खेलों में राज्य स्तरीय पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि अब तक करीब 200 मेधावी विद्यार्थियों के नाम समिति के पहुंच चुके हैं। इसके अलावा सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर चर्चा के लिए मेघवाल समाज के वरिष्ठ समाजसेवी एवं समिति में विश्वास रखने वाले गणमान्य लोग भी समारोह में उपस्थित रहेंगे। समिति पदाधिकारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर समाज के लोगों में उत्साह है और समारोह को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।

Share:

Comments

Leave a comment