हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 21 अगस्त को गुरुग्राम में जेन-जी एंटरप्रोन्योर्स से करेंगे संवाद और युवा उद्यमी यात्रा को दिखाएंगे हरी झंडी

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 21 अगस्त को गुरुग्राम यूनिवर्सिटी में जेन-जी एंटरप्रोन्यार्स के साथ सीधा संवाद करेंगे। इस कार्यक्रम के दौरान ‘युवा उद्यमी यात्रा’ को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। सफल युवा उद्यमियों द्वारा अपना स्टार्टअप शुरू करने के इच्छुक युवाओं को स्टार्टअप की स्थापना के संबंध में मार्गदर्शन दिया जाएगा। इसके अलावा स्टार्टअप के लिए धनराशि और तकनीकी सहायता प्राप्त करने सहित अन्य पहलुओं के संबंध में भी पूरी जानकारी दी जाएगी।
मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में बुधवार को चंडीगढ़ में एक विशेष बैठक आयोजित की गई थी। इस बैठक के दौरान अधिकारियों ने इस आगामी कार्यक्रम के संबंध में अपनी पूरी रिपोर्ट पेश की। इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्यमंत्री के ओएसडी वीरेंद्र बडख़ालसा, डॉ. राज नेहरू, अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. जी अनुपमा, ए.के सिंह तथा ओएसडी विवेक कालिया भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट रूप से कहा कि जेन-जी के साथ किया जाने वाले इस कार्यक्रम में किसी भी तरह की औपचारिकता के बिना युवाओं के साथ सीधा संवाद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वे कार्यक्रम की शुरूआत से लेकर समापन तक बिना किसी औपचारिकता के युवाओं के साथ रहना चाहते हैं और उनसे सीधे बात करना चाहते हैं।
मास्टर क्लास रूम और स्टार्टअप रूम का होगा आयोजन
अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि इस कार्यक्रम में 6 मास्टर क्लास रूम स्थापित किए जाएंगे। इन क्लास रूम में सफल उद्यमी एक्सपर्ट के तौर पर 50-50 बच्चों के ग्रुप को स्टार्टअप की स्थापना व अन्य पहलुओं के संबंध में विशेष प्रशिक्षण देंगे। वे युवाओं को बताएंगे कि किस प्रकार किसी स्टार्टअप को जीरो से लेकर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले सभी युवाओं को सर्टिफिकेट भी प्रदान किए जाएंगे। इसके बाद इन सभी युवाओं को एमएसएमई से लिंक किया जाएगा जहां ये युवा स्टार्टअप का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त करेंगे। इसके अलावा इस विशेष कार्यक्रम में एक स्टार्टअप रूम भी स्थापित किया जाएगा जहां 60 सफल उद्यमी युवाओं को स्टार्टअप शुरू करने के जरूरी गुर सिखाएंगे। इस दौरान बैंकों द्वारा ऋण संबंधी जानकारी दी जाएगी और कौशल विश्वविद्यालय के विशेषज्ञों द्वारा भी युवाओं को प्रशिक्षित किया जाएगा। इस पूरे कार्यक्रम का आयोजन उच्च शिक्षा विभाग, कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग तथा उद्योग एवं वाणिज्य विभाग द्वारा संयुक्त रूप से किया जाएगा।
युवा उद्यमी यात्रा का विवरण
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी युवा उद्यमी यात्रा के अंतर्गत 2 बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। ये बसें गुरुग्राम से चलकर प्रदेश के प्रत्येक जिला में स्थित कॉलेज, विश्वविद्यालयों, आईटीआई और कोचिंग संस्थानों आदि के विद्यार्थियों तक पहुंचेगी। ये बसें विद्यार्थियों को स्टार्टअप व एंटरप्रोन्योशिप के संबंध में जागरूक करेंगी। साथ ही स्टार्टअप शुरू करने वाले छात्रों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उनकी विशेष रूप से मदद करेंगी। यह पूरी यात्रा दिसंबर महीने तक लगातार चलेगी। इस यात्रा के समापन पर दिसंबर के महीने में ही जेन-जी के लिए एक बहुत बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा जिसमें ‘युवा उद्यमी यात्रा’ से लाभांश प्राप्त करने वाले युवा बढ़-चढ़कर भागीदारी करेंगे।