हरियाणा में कांग्रेस का पांचवां चरण: कार्यकर्ताओं की नब्ज टटोलेंगे अध्यक्ष और प्रभारी, झज्जर से होगी शुरुआत

हरियाणा में कांग्रेस का पांचवां चरण: कार्यकर्ताओं की नब्ज टटोलेंगे अध्यक्ष और प्रभारी, झज्जर से होगी शुरुआत

चंडीगढ़, 24 अगस्त। हरियाणा में कांग्रेस पार्टी का संगठन मजबूत करने के लिए विशेष तैयारी शुरू हो गई है। हरियाणा के एआईसीसी प्रभारी संजय दत्त और हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के नेतृत्व में जिलावार संवाद बैठकों का पांचवां चरण शुरू होने जा रहा है। इस पांचवें चरण की शुरुआत 25 अगस्त को झज्जर जिले से होगी। इस पूरे चरण के दौरान विभिन्न जिलों में जाकर जिला कांग्रेस कमेटियों की कार्यकारिणी बैठकें आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही विधानसभा क्षेत्रवार नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ व्यापक संवाद भी किया जाएगा।

25 अगस्त को झज्जर और भिवानी में बैठकें

25 अगस्त को झज्जर, बेरी, बहादुरगढ़ और बादली विधानसभा क्षेत्रों के नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ संवाद बैठकें आयोजित की जाएंगी। इसी दिन झज्जर जिला कांग्रेस कमेटी, भिवानी ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी तथा भिवानी शहरी जिला कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी बैठकों का भी आयोजन किया जाएगा।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

26 और 27 अगस्त को इन जिलों में होगा संवाद

26 अगस्त को भिवानी, लोहारू, बवानी खेड़ा, तोशाम, बाढड़ा और दादरी विधानसभा क्षेत्रों के नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ संवाद बैठकें होंगी। इसी दिन दादरी जिला कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी बैठक भी आयोजित की जाएगी। इसके बाद 27 अगस्त को महेंद्रगढ़ जिला कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी बैठक होगी। इसके साथ ही महेंद्रगढ़, नारनौल, अटेली और नांगल चौधरी विधानसभा क्षेत्रों के नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ भी संवाद बैठकें आयोजित की जाएंगी।

बैठकों का मुख्य उद्देश्य और अब तक का सफर

इन सभी बैठकों के माध्यम से पार्टी नेतृत्व स्थानीय स्तर पर संगठन की स्थिति का जायजा लेगा। पार्टी नेतृत्व कार्यकर्ताओं की सक्रियता, क्षेत्रीय मुद्दों तथा बूथ स्तर पर संगठन को और मजबूत करने की दिशा में सुझावों पर चर्चा करेगा। इसके अतिरिक्त, एआईसीसी प्रभारी संजय दत्त 30 एवं 31 अगस्त को नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में हरियाणा के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। आपको बता दें कि जिलेवार संवाद बैठकों के अब तक चार चरण पूरे हो चुके हैं। इन चार चरणों के माध्यम से अब तक हरियाणा के 16 जिलों, 24 जिला कांग्रेस कमेटियों तथा 63 विधानसभा क्षेत्रों में कार्यक्रम पूरे किए जा चुके हैं।

Share:

Comments

Leave a comment