पंजाब में कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन: हरपाल चीमा की गिरफ्तारी और बर्खास्तगी की मांग

पंजाब में कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन: हरपाल चीमा की गिरफ्तारी और बर्खास्तगी की मांग

चंडीगढ़ में आज हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आम आदमी पार्टी सरकार के खिलाफ विशाल विरोध प्रदर्शन किया। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता पंजाब कांग्रेस भवन के बाहर एकत्र हुए। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने के लिए मार्च शुरू किया। हालांकि, भारी पुलिस बल ने बैरिकेड लगाकर उन्हें मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ने से रोक दिया।

हरपाल चीमा की गिरफ्तारी की मांग

इस मौके पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए वड़िंग ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने दिड़बा के गुलज़ार सिंह की आत्महत्या के लिए ज़िम्मेदार वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा को तुरंत पद से बर्खास्त करने की मांग की। वड़िंग ने कहा कि उन्हें गिरफ्तार किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि गुलज़ार सिंह ने अपने अंतिम बयान में स्पष्ट रूप से कहा था कि उनकी आत्महत्या के लिए चीमा ज़िम्मेदार हैं।

पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल

वड़िंग ने शेरों गांव के मोहनजीत सिंह पर पुलिस द्वारा किए गए अत्याचार का भी ज़िक्र किया। उन्होंने कहा कि मोहनजीत सिंह का कसूर सिर्फ इतना था कि उसने मुख्यमंत्री को काला झंडा दिखाने का साहस किया था। इसके अलावा उन्होंने बलात्कार के एक आरोपी को दिए जा रहे संरक्षण पर मुख्यमंत्री की चुप्पी पर भी गंभीर सवाल उठाए।
AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

भाजपा और आप पर गुप्त समझौते का आरोप

पीसीसी अध्यक्ष ने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह हैं। वहीं दूसरी तरफ अरविंद केजरीवाल व भगवंत मान के बीच गुप्त समझौता हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चाहती है कि 'आप' गुजरात में भाजपा-विरोधी वोटों को बांटकर उसकी मदद करे। इसके बदले में भाजपा पंजाब में 'आप' की मदद करेगी।

ईडी और गैंगस्टर्स के मुद्दों पर घेरा

उन्होंने कहा कि इसी कारण ईनफोरसमैंट डायरेक्ट्रेट भ्रष्टाचार के आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पंजाब पुलिस के साथ मिलकर 'फिक्स मैच' खेल रही है। उन्होंने सवाल किया कि जैसे ईडी ने कांग्रेस नेताओं, जैसे साधु सिंह धर्मसोत के मामले में तुरंत गिरफ्तारी की थी, वैसे यहां क्यों नहीं कर रही। उन्होंने कहा कि उस मामले में ईडी ने पंजाब पुलिस को प्राथमिकी दर्ज करने के लिए नहीं कहा था। लेकिन 'आप' नेताओं के मामले में जानबूझकर ढिलाई बरती जा रही है।

गैंगस्टर्स और कर्मचारियों के मुद्दे

गुरप्रीत सिंह सेखों जैसे सजायाफ्ता गैंगस्टर को पार्टी में शामिल करने पर 'आप' पर निशाना साधते हुए वड़िंग ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जहां पंजाब के लोग गैंगस्टरों से छुटकारा चाहते हैं, वहीं सत्ताधारी पार्टी उन्हें शामिल करके राजनीतिक मंच और ताकत मुहैया करा रही है। उन्होंने कहा कि सेखों को अदालत द्वारा सजा सुनाई जा चुकी है। वह केवल इसलिए बाहर है क्योंकि हाईकोर्ट ने उसकी सजा पर रोक लगाई हुई है। उन्होंने मान से सवाल किया कि आप पंजाब के लोगों को क्या संदेश दे रहे हैं।

कर्मचारियों का महंगाई भत्ता और वड़िंग का संकल्प

पीसीसी अध्यक्ष ने सरकारी कर्मचारियों को उनका हकदार महंगाई भत्ता न देकर उनके प्रति विरोधी रवैया अपनाने के लिए भी मुख्यमंत्री की निंदा की। उन्होंने कहा कि सरकार न केवल कर्मचारियों को डीए देने से इनकार कर रही है, बल्कि उनके साथ दुश्मनों जैसा व्यवहार कर रही है। कांग्रेस पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा दोहराते हुए वड़िंग ने कहा कि वह चाहे किसी भी पद पर रहें, हमेशा कांग्रेस के साथ ही रहेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी हित में काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि टिकट पाने वाले हर कांग्रेसी उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित की जाए, ताकि पंजाब को इस सरकार से छुटकारा मिल सके। वड़िंग ने यह भी ऐलान किया कि बहुत जल्द वे मुख्यमंत्री के सामने ही नहीं, बल्कि सीधे उस मंच पर जाकर काले झंडे लहराएंगे जहां वे भाषण दे रहे होंगे। उन्होंने कहा कि भले ही पुलिस ने उन्हें रोक लिया हो, लेकिन अगली बार वे हर हाल में मान के मंच तक पहुंचना सुनिश्चित करेंगे। आज के इस विरोध प्रदर्शन में सभी 25 ज़िला कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्ष शामिल हुए। इस मौके पर राणा के.पी. सिंह, अमित विज, बलबीर सिंह सिद्धू, ब्रह्म मोहिंद्रा, कुलजीत सिंह नागरा, शमशेर सिंह डूलो, गुरजीत औजला, दलवीर गोल्डी, डॉ. राज कुमार वेरका, हरदयाल कंबोज, कैप्टन संदीप संधू, साधु सिंह धर्मसोत, निशात अख्तर, सुखविंदर डैनी, हरी खाई, लखवीर लक्खा, शाम सुंदर अरोड़ा, ममता दत्ता, कुलबीर ज़ीरा, राकेश पांडे, पवन दीवान, सुनील दत्ती, पवन आदिया और मोहित मोहिंद्रा सहित अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।

Share:

Comments

Leave a comment