गुरुग्राम में सीएम के काफिले को कांग्रेसियों ने दिखाए काले झंडे, बदहाली पर फूटा गुस्सा

गुरुग्राम में सीएम के काफिले को कांग्रेसियों ने दिखाए काले झंडे, बदहाली पर फूटा गुस्सा

गुरुग्राम की बदहाली नहीं सुधारने पर कांग्रेसियों का गुस्सा फूट पड़ा है। कांग्रेस शहरी अध्यक्ष पंकज डावर और ग्रामीण अध्यक्ष वर्धन यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ता पहुंचे थे। कांग्रेसियों ने कहा कि बार-बार गुरुग्राम आकर भी सीएम सुधार नहीं सकते तो क्या फायदा है। गुरुग्राम में 21 अगस्त को शहर की टूटी सड़कों, फैली गंदगी, गंदगी से अटे पड़े नालों और बरसात में जलभराव समेत तमाम परेशानियों को लेकर कांग्रेसियों का शुक्रवार को गुस्सा फूटा। कांग्रेस शहरी अध्यक्ष पंकज डावर और ग्रामीण अध्यक्ष वर्धन यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उस समय सीएम के काफिले को काले झंडे दिखाए, जब सीएम गुरुग्राम विश्वविद्यालय में जेन-एच युवा उद्यमियों से संवाद करने जा रहे थे। पंकज डावर व वर्धन यादव ने काले कपड़े भी पहन रखे थे।

मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान हुआ प्रदर्शन

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी गुरुग्राम के सिविल लाइन स्थित स्वतंत्रता सेनानी हॉल में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक लेने के बाद गुरुग्राम विश्वविद्यालय में प्रस्तावित जेन-एच युवा उद्यमियों के साथ चौपाल कार्यक्रम में भाग लेने जा रहे थे। इसी दौरान कांग्रेस के शहरी जिला अध्यक्ष पंकज डावर एवं ग्रामीण जिला अध्यक्ष वर्धन यादव की अगुवाई में 15-20 कार्यकर्ता सीएम का काफिला आते देख सड़क किनारे आ गए। पंकज डावर व वर्धन यादव ने काली शर्ट पहन रखी थी। सभी ने अपनी जेबों से काले कपड़े निकालकर मुख्यमंत्री के काफिले को दिखाने शुरू कर दिए। काफिले में शामिल पुलिसकर्मियों ने तुरंत गाड़ियों से उतरकर उन्हें हटाने की कोशिश की। सभी कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता नारेबाजी करने लगे।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

कांग्रेस अध्यक्षों ने सरकार पर उठाए गंभीर सवाल

जिला कांग्रेस अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने कहा कि मुख्यमंत्री अक्सर गुरुग्राम आते हैं। जितने वे गुरुग्राम आते हैं, उतने शायद ही कहीं और जाते हैं। मुख्य विपक्षी पार्टी होने के नाते कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता गुरुग्राम की हर समस्या को लगातार उठाते हैं। जलभराव हो, टूटी सड़कें हों, स्वच्छता के बुरे हाल हों या फिर कोई अन्य समस्या, सभी को मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से उजागर किया जाता है। ऐसा नहीं है कि किसी अधिकारी या मुख्यमंत्री तक समस्याओं की सूचनाएं नहीं पहुंचती हैं। सब कुछ जानकारी होने के बाद भी और बार-बार गुरुग्राम आकर भी समस्याओं का समाधान कर सकने में सरकार विफल है। सरकार जनसमस्याओं पर बात तक नहीं करती है। ग्रीवेंस की बैठकें भी सिर्फ खानापूर्ति बनकर रह गई हैं।

शिक्षा के ढांचे और इन्फ्रास्ट्रक्चर पर घेरा

कांग्रेस के ग्रामीण जिलाध्यक्ष वर्धन यादव ने कहा कि भाजपा के दिए टास्क पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी गुरुग्राम में युवाओं से बात करने पहुंचे हैं। भाजपा ने उन्हें टास्क दिया है कि जो नौजवान और युवा आपके खिलाफ हैं, उनसे जाकर बात करो और संवाद करो। इस संवाद से पहले हमने काले झंडों से उनका स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम यूनिवर्सिटी के फर्स्ट ईयर के स्टूडेंट्स का अभी तक रिजल्ट नहीं आया है। शिक्षा का ढांचा पूरी तरह से ध्वस्त हो चुका है। इन्फ्रास्ट्रक्चर के नाम पर सरकार ने जीरो सुविधाएं दे रखी हैं।

Share:

Comments

Leave a comment