गन्ने का भाव बढ़ाने पर कृषि मंत्री ने मुख्यमंत्री का जताया आभार

गन्ने का भाव बढ़ाने पर कृषि मंत्री ने मुख्यमंत्री का जताया आभार
 

<strong>बोले, किसानों की आमदनी बढ़ेगी, खेती की लागत निकालने में मिलेगी मदद</strong>

चंडीगढ़,

हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने प्रदेश के गन्ना उत्पादक किसानों के हित में अगले दो वर्षों के दौरान गन्ने के भाव में कुल ₹35 प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी करने की घोषणा के लिए मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि गन्ने के भाव में यह बढ़ोतरी किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाने, खेती को अधिक लाभकारी बनाने और कृषि क्षेत्र की आर्थिक मजबूती सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

श्री राणा ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा घोषित निर्णय के अनुसार, पेराई सत्र 2026-27 के लिए गन्ने का भाव ₹430 प्रति क्विंटल निर्धारित किया जाएगा, जो पिछले पेराई सत्र के ₹415 प्रति क्विंटल के भाव से ₹15 अधिक है। इसके बाद पेराई सत्र 2027-28 में गन्ने का भाव बढ़ाकर ₹450 प्रति क्विंटल कर दिया जाएगा। इस प्रकार दो वर्षों में गन्ने के भाव में कुल ₹35 प्रति क्विंटल की वृद्धि होगी। आगामी पेराई सत्र नवंबर माह में शुरू होना है।

कृषि मंत्री ने कहा कि गन्ना हरियाणा के किसानों की प्रमुख नकदी फसलों में शामिल है और इससे बड़ी संख्या में किसान परिवारों की आजीविका जुड़ी हुई है। ऐसे में गन्ने के भाव में बढ़ोतरी का सीधा लाभ गन्ना उत्पादक किसानों को मिलेगा। इससे उन्हें अपनी फसल का बेहतर मूल्य प्राप्त होगा और खेती में बीज, खाद, कीटनाशक, सिंचाई, कृषि मजदूरी तथा अन्य कार्यों पर होने वाले खर्च को पूरा करने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के आकलन के अनुसार, गन्ने के भाव में इस बढ़ोतरी से किसानों की आय में प्रति एकड़, प्रति पेराई सत्र लगभग ₹10,000 से ₹11,300 तक की वृद्धि होने की संभावना है। इससे किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और उन्हें कृषि कार्यों में दोबारा निवेश करने के लिए अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध हो सकेंगे। बेहतर मूल्य मिलने से किसानों को अपनी मेहनत और निवेश का उचित प्रतिफल प्राप्त करने में भी मदद मिलेगी।

श्री राणा ने कहा कि किसानों को उनकी उपज का लाभकारी मूल्य उपलब्ध कराना कृषि को आर्थिक रूप से टिकाऊ बनाने के लिए आवश्यक है। गन्ने के भाव में चरणबद्ध वृद्धि से किसानों का इस फसल के प्रति भरोसा मजबूत होगा और उन्हें गन्ने की खेती जारी रखने तथा उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा। इससे प्रदेश की चीनी मिलों को भी पेराई सत्र के दौरान पर्याप्त मात्रा में गन्ना उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। गन्ने की नियमित उपलब्धता से मिलों के संचालन को सुचारु बनाए रखने और गन्ना उत्पादकों तथा चीनी उद्योग के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने में सहायता मिलेगी।

कृषि मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार किसानों के हितों को ध्यान में रखकर कृषि संबंधी निर्णय ले रही है। सरकार का प्रयास है कि किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य मिले, खेती की बढ़ती लागत का बोझ कम हो और कृषि से होने वाली आमदनी में सुधार आए। उन्होंने कहा कि किसानों की आर्थिक समृद्धि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का भी आधार है।

श्री शयम सिंह राणा ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा किसानों के हित में उठाए गए विभिन्न कदमों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार न्यूनतम समर्थन मूल्य, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और कृषि अवसंरचना को मजबूत करने जैसी पहलों के माध्यम से किसानों को सहायता प्रदान करने की दिशा में काम कर रही है। इन प्रयासों का उद्देश्य किसानों को आर्थिक सुरक्षा देना, कृषि में जोखिम कम करना और खेती को अधिक लाभकारी बनाना है।

उन्होंने कहा कि केंद्र और हरियाणा सरकार का साझा प्रयास किसानों की आय बढ़ाने, कृषि क्षेत्र को मजबूत करने और ग्रामीण परिवारों के जीवन स्तर में सुधार लाने पर केंद्रित है। गन्ने के भाव में प्रस्तावित बढ़ोतरी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे किसानों को बेहतर आर्थिक लाभ मिलने और प्रदेश में गन्ना उत्पादन को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है। कृषि मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य किसानों को उनकी मेहनत का उचित प्रतिफल दिलाना और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।

About the Author

Atal Hind Team Online
Atal Hind Team Online

9447 Articles