पंचकूला के इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में आयोजन, मुख्यमंत्री होंगे मुख्यातिथि
<strong>पीएम की राष्ट्र सेवा पर सुपवा की नाट्य प्रस्तुति 30 को</strong>
<strong>सेवा संकल्प के तहत छात्रों ने तैयार किया थियेटर ‘शून्य से शिखर तक’</strong>
चंडीगढ़ ,
दादा लख्मी चंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफॉर्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स (डीएलसीसुपवा) रोहतक व प्रदेश सरकार के सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग की ओर से कल 30 अक्टूबर को पंचकूला स्थित इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में सेवा संकल्प अभियान के तहत नाट्य प्रस्तुति का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान डीएलसीसुपवा के छात्रों द्वारा तैयार किए गए थियेटर ‘शून्य से शिखर तक’ के जरिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जीवन, संघर्ष, राष्ट्र सेवा व सार्वजनिक जीवन के विभिन्न पहलुओं दर्शाया जाएगा। इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्यातिथि होंगे।
डीएलसीसुपवा के कुलगुरु डॉ अमित आर्य ने बताया कि छात्रों द्वारा तैयार ‘शून्य से शिखर तक’ के माध्यम से प्रधानमंत्री के जीवन की यात्रा व राष्ट्र के प्रति उनके योगदान को थियेटर के जरिए प्रस्तुत किया जाएगा। इसके लिए यूनिवर्सिटी की टीम आज रोहतक से पंचकूला के लिए रवाना हो गई है। यह थियेटर सेवा संकल्प के तहत छात्रों ने तैयार किया है। इसमें पीएम के जीवन के विभिन्न पड़ावों, संघर्षों, चुनौतियों और सार्वजनिक सेवा से जुड़े प्रसंगों को नाटकीय रूप में पिरोया गया है। इसका उद्देश्य दर्शकों तक उनकी जीवन यात्रा के विभिन्न पहलुओं को प्रभावशाली तरीके से पहुंचाना है। थियेटर में संवाद, अभिनय, संगीत और मंच सज्जा के माध्यम से कहानी को जीवंत बनाने का प्रयास किया गया है।
उन्होंने बताया कि छात्रों ने इसे तैयार करने के लिए नाट्य कला और रचनात्मक अभिव्यक्ति का सहारा लिया है। छात्रों के लिए यह आयोजन अपनी अभिनय प्रतिभा, लेखन, निर्देशन व सामूहिक कार्यक्षमता को प्रदर्शित करने का अवसर भी है। थियेटर के माध्यम से किसी व्यक्तित्व की जीवन यात्रा को प्रस्तुत करने के लिए तथ्यों, घटनाओं व भावनात्मक प्रसंगों को एक सूत्र में पिरोना महत्वपूर्ण होता है। ‘शून्य से शिखर तक’ इसी विचार को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है।
सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के आयुक्त एवं सचिव श्री के. मकरंद पांडुरंग ने बताया कि इंद्रधनुष ऑडिटोरियम पंचकूला में होने वाली इस प्रस्तुति में दर्शकों को नाट्य कला के जरिए राष्ट्र सेवा से जुड़े विचारों व प्रसंगों को देखने का अवसर मिलेगा। ऐसे आयोजन छात्रों को अपनी प्रतिभा सामने लाने के साथ-साथ सामाजिक व राष्ट्रीय विषयों पर रचनात्मक दृष्टिकोण विकसित करने का मंच भी प्रदान करते हैं। उन्होंने बताया कि ‘शून्य से शिखर तक’ की प्रस्तुति के जरिए छात्रों ने एक ऐसी नाट्य रचना तैयार की है, जिसमें संघर्ष से उपलब्धि तक की यात्रा को रंगमंचीय भाषा में अभिव्यक्त करने का प्रयास किया गया है। कार्यक्रम के दौरान दर्शक अभिनय और संवादों के माध्यम से इस यात्रा के विभिन्न पहलुओं से रूबरू होंगे। उन्होंने बताया कि थियेटर प्रस्तुति के दौरान रंगमंच प्रेमियों व शहरवासियों के लिए प्रवेश निशुल्क रहेगा।
