गत 2 महीनों से हरियाणा में लोकायुक्त का पद रिक्त, सेवानिवृत्त जस्टिस हरिपाल वर्मा का 5 वर्ष कार्यकाल बीती 10 सितंबर को हो गया था पूरा, कानूनन 10 दिसम्बर तक हो सकती नई नियुक्ति
<strong>हरियाणा लोकायुक्त अधिनियम, 2002 में लोकायुक्त का चयन पूर्णतया मुख्यमंत्री के हाथ, वि.स. अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष और चीफ जस्टिस के साथ परामर्श एक ओपचारिकता मात्र -- एडवोकेट हेमंत </strong>
चंडीगढ़
हरियाणा में लोकायुक्त का पद गत पूरे दो महीने से रिक्त है. निवर्तमान लोकायुक्त और पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट के रिटायर्ड जज (जस्टिस) हरिपाल वर्मा का पांच वर्ष कार्यकाल बीती 10 सितम्बर 2026 को पूरा हो गया था. उन्होंने 11 सितम्बर 2021 को हरियाणा लोकायुक्त के पद की शपथ लेकर पदभार ग्रहण किया था.
इसी बीच पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के एडवोकेट और प्रशासनिक-कानूनी मामलों के जानकार हेमंत कुमार ने बताया कि हरियाणा लोकायुक्त अधिनियम, 2002 में लोकायुक्त का कार्यकाल पदभार ग्रहण करने से पांच वर्षो तक होता है एवं इस कानून में ऐसा कोई उल्लेख या प्रावधान नहीं है कि अगले/नए लोकायुक्त की नियुक्ति होने तक पिछला लोकायुक्त अपने पांच वर्षो के निर्धारित कानून कार्यकाल की अवधि पूरा होने के बावजूद पद पर बना रह सकता है.
हेमंत ने आगे बताया कि कानूनन हरियाणा में लोकायुक्त का पद रिक्त होने से तीन माह में नए लोकायुक्त को नियुक्ति की जा सकती है, इसलिए अगले लोकायुक्त की नियुक्ति आगामी एक माह अर्थात 10 दिसम्बर 2026 तक की जा सकती है.
हेमंत ने आगे बताया कि हरियाणा लोकायुक्त अधिनियम, 2002 के अनुसार सुप्रीम कोर्ट का रिटायर्ड जज अथवा किसी हाई कोर्ट के रिटायर्ड चीफ जस्टिस या जज ही हरियाणा में लोकायुक्त पद पर नियुक्त हो सकता है. हालांकि हरियाणा में लोकायुक्त की नियुक्ति हेतु किसी प्रकार की सर्च कमेटी या सिलेक्शन सर्च कमेटी गठित करने का कोई कानूनी प्रावधान नहीं है.हरियाणा लोकायुक्त कानून, 2002 उपरोक्त कानून की धारा 3 के अनुसार प्रदेश के लोकायुक्त की नियुक्ति राज्यपाल द्वारा मुख्यमंत्री की सलाह पर की जाती है हालांकि मुख्यमंत्री इस सम्बन्ध में पहले विधानसभा के स्पीकर, सदन के नेता प्रतिपक्ष और अगर लोकायुक्त पर नियुक्त होने वाला व्यक्ति सुप्रीम कोर्ट का जज अथवा किसी हाई कोर्ट का चीफ जस्टिस हो या रह चुका हो, तो भारत के मुख्य न्यायधीश से और यदि वह व्यक्ति किसी हाई कोर्ट का जज है या रह चुका हो, तो इस सम्बन्ध में पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस से इस विषय पर विचार-विमर्श करेंगे. हालांकि इसके साथ साथ कानून में यह भी स्पष्ट उल्लेख है कि उक्त परामर्श मुख्यमंत्री पर बाध्य नहीं होगा. इसका अर्थ है कि बेशक उक्त तीनो पदाधिकारियों की किसी मौजूदा या रिटायर्ड जज के बारे में कोई भी राय या टिप्पणी हो, अंतत: लोकायुक्त के चयन और नियुक्ति में मुख्यमंत्री की इच्छा/मर्जी ही चलेगी.
हेमंत ने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा एक गजट नोटिफिकेशन जारी कर अधिसूचित किया जाना ही प्रयाप्त होता है कि हरियाणा लोकायुक्त कानून, 2002 की धारा 3 (2 ) में प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा विधानसभा के स्पीकर (अध्यक्ष ), सदन के नेता प्रतिपक्ष और या भारत के मुख्य न्यायधीश अथवा पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश से प्रदेश के नए लोकायुक्त की नियुक्ति के सम्बन्ध में विचार- विमर्श कर लिया गया है.
