भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) परिसर में सिनेमा से परे भारत की रचनात्मकता और सांस्कृतिक विविधता का अनूठा अनुभव
गोवा के पणजी में आयोजित 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) में सिनेमा के साथ-साथ कई अन्य आकर्षक अनुभव भी प्राप्त हो रहे हैं। आईएफएफआई परिसर रचनात्मक संस्थानों, सांस्कृतिक पहलों, क्षेत्रीय व्यंजनों, स्थानीय उत्पादों, स्मृति-चिह्नों और सुगम्यता संबंधी पहलों के एक जीवंत केंद्र के रूप में विकसित हुआ है। इन विविध कार्यकलापों के माध्यम से महोत्सव में शामिल प्रतिनिधियों, फिल्मकारों, विद्यार्थियों और आगंतुकों को भारत की समृद्ध रचनात्मक एवं सांस्कृतिक विरासत को जानने-समझने और उससे जुड़ने का अवसर मिल रहा है।

सुगम्यता और समावेशन को बढ़ावा
महोत्सव परिसर की एक महत्वपूर्ण पहल ‘स्वयम’ द्वारा संचालित जागरूकता अभियान है। यह संगठन सीमित गतिशीलता वाले दिव्यांगजनों के सम्मान, गरिमा और सुगम्यता सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य करता है। आईएफएफआई में दूसरी बार भागीदारी करते हुए, स्वयम सार्वजनिक स्थलों को सुगम बनाने और सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यकलापों में दिव्यांगजनों की भागीदारी सुनिश्चित करने की आवश्यकता के प्रति लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहा है। यह पहल महोत्सव स्थल पर की गई सुगम्यता संबंधी व्यवस्थाओं को और मजबूत करती है तथा इस बात पर बल देती है कि सांस्कृतिक अनुभव सभी के लिए सुलभ, सहज और स्वागतयोग्य होने चाहिए।
भारत के रचनात्मक और शैक्षिक परिवेश का प्रदर्शन
महोत्सव परिसर रचनात्मक प्रौद्योगिकी, सिनेमा, प्रदर्शन कलाओं और डिजाइन के क्षेत्र में कार्यरत संस्थानों को अपनी पहलों को प्रदर्शित करने तथा आगंतुकों के साथ संवाद करने का मंच भी प्रदान कर रहा है।
मुंबई स्थित भारतीय रचनात्मक प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईसीटी), जो एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग, कॉमिक्स और एक्सटेंडेड रियलिटी (एवीजीसी-एक्सआर) के क्षेत्र में भारत का राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र है, एनीमेशन कैरेक्टर निर्माण प्रतियोगिता के माध्यम से भी आगंतुकों को जोड़ रहा है। इसके साथ ही, संस्थान की ओर से प्रदर्शित उत्पाद आगंतुकों को रचनात्मक प्रौद्योगिकी क्षेत्र की संभावनाओं और इसमें उपलब्ध होते अवसरों से परिचित करा रहे हैं।

प्रकाशन विभाग निदेशालय (डीपीडी) भारतीय सिनेमा पर आधारित पुस्तकों के संग्रह के साथ-साथ अपनी प्रसिद्ध गांधीवादी पुस्तक श्रृंखला का प्रदर्शन कर रहा है। चुनिंदा पुस्तकों पर विशेष छूट भी दी जा रही है, जिससे आगंतुकों को इसके साहित्यिक संग्रह को देखने और पुस्तकों का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहन मिल रहा है।
एसए फिल्म अकादमी, चेन्नई, दादा लक्ष्मीचंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विश्वविद्यालय, रोहतक, हरियाणा और जेडी इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी की भागीदारी भी भारत के तेजी से विस्तारित होते मीडिया, मनोरंजन और रचनात्मक उद्योगों में योगदान देने वाले शैक्षणिक एवं व्यावसायिक क्षेत्रों की व्यापकता को दर्शाती है।
क्षेत्रीय विविधता का स्वाद
महोत्सव परिसर में लगे खाद्य पदार्थों के स्टॉल यहां के अनुभव को एक नया आयाम दे रहे हैं। इन स्टॉलों पर पारंपरिक नागा व्यंजनों और बिरयानी से लेकर डोसा, कॉफी और बेकरी उत्पादों तक कई तरह के क्षेत्रीय एवं लोकप्रिय खाद्य विकल्प उपलब्ध हैं। गोवा की विशिष्ट पहचान को सामने लाते हुए, गोवा वन विकास निगम लिमिटेड स्थानीय स्तर पर उत्पादित काजू का प्रदर्शन कर रहा है, जो इस क्षेत्र के पारंपरिक उत्पादों को रेखांकित करता है।

महोत्सव के स्मृति-चिह्नों और रचनात्मक उत्पादों की एक विस्तृत श्रृंखला विभिन्न स्टॉलों पर उपलब्ध है। पुणे स्थित भारतीय फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान (एफटीआईआई) यहां परिधान और सहायक वस्तुओं का प्रदर्शन कर रहा है, वहीं एंटरटेनमेंट सोसाइटी ऑफ गोवा (ईएसजी) भी अपने उत्पादों का संग्रह प्रस्तुत कर रही है।
बड़े पर्दे से परे मनोरंजन के विविध आयाम
महोत्सव के अनुभव को डिजिटल और प्रसारण माध्यमों तक विस्तार देते हुए प्राइम वीडियो, स्टोरी टीवी ऐप और बिग एफएम भी अपने-अपने स्टॉल के माध्यम से इसमें भागीदारी कर रहे हैं। इनकी उपस्थिति आगंतुकों को तेजी से बदलते मीडिया और मनोरंजन जगत के विविध स्वरूपों एवं मंचों से जुड़ने का अवसर प्रदान कर रही है।
स्टॉल संचालकों ने उनकी भागीदारी को सुगम बनाने में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, एंटरटेनमेंट सोसाइटी ऑफ गोवा और राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (एनएफडीसी) द्वारा दिए गए सहयोग की सराहना की।
रचनात्मक संस्थानों, क्षेत्रीय व्यंजनों, स्थानीय उत्पादों, मनोरंजन मंचों और सुगम्यता संबंधी पहलों के समन्वय से आईएफएफआई परिसर आगंतुकों को भारत की सांस्कृतिक एवं रचनात्मक विविधता के विभिन्न पहलुओं को जानने, संवाद करने और उनसे जुड़ने का अवसर प्रदान कर रहा है।

यहां इफ्फीलॉयड पढ़ें: