Pension Scheme: अब मजदूरों को भी मिलेगी ₹3,000 की मासिक पेंशन, जानें कैसे उठाएं योजना का लाभ

Pension Scheme: अब मजदूरों को भी मिलेगी ₹3,000 की मासिक पेंशन, जानें कैसे उठाएं योजना का लाभ

Pension Scheme: केंद्र सरकार देश के आर्थिक विकास और खासतौर से गरीब तबके के लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए लगातार नई योजनाएं लेकर आती रहती है। इसी कड़ी में, केंद्र सरकार असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले मेहनतकश मजदूरों के लिए 'प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना' संचालित कर रही है, जिसके तहत पात्र श्रमिकों को बुढ़ापे में आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए पेंशन की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है।

इस योजना के तहत पात्र श्रमिकों को 60 वर्ष की आयु पूरी होने के बाद हर महीने 3,000 रुपये की निश्चित पेंशन मिलती है। यह एक स्वैच्छिक और अंशदायी पेंशन योजना है, जिसका मुख्य उद्देश्य असंगठित क्षेत्र के कामगारों को वृद्धावस्था में वित्तीय सहायता और संबल प्रदान करना है।

किसे मिलेगा योजना का लाभ?

इस योजना का लाभ रेहड़ी-पटरी लगाने वाले, रिक्शा चालक, घरेलू कामगार, निर्माण कार्य करने वाले मजदूर, खेती करने वाले मजदूर, कूड़ा बीनने वाले और अन्य असंगठित क्षेत्र के कामगार उठा सकते हैं। योजना के जरिए ऐसे श्रमिकों को वृद्धावस्था में नियमित आय का सहारा मिल सकेगा। ध्यान रहे कि असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO), कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) या राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (NPS) के अंतर्गत शामिल नहीं हैं।

योजना की पात्रता शर्तें

प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना में शामिल होने के लिए सरकार की ओर से कुछ पात्रता शर्तें निर्धारित की गई हैं। जैसे कि आवेदक की उम्र 18 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए। इसके साथ ही उसकी मासिक आय 15,000 रुपये या उससे कम होनी चाहिए। इसके साथ ही आवेदक आयकरदाता नहीं होना चाहिए।

हर महीने जमा करनी होगी निर्धारित राशि

बता दें कि ये योजना अंशदान आधारित है। यानी इसमें पेंशन का लाभ प्राप्त करने के लिए श्रमिक को अपनी उम्र के अनुसार नियमित रूप से निर्धारित राशि जमा करनी होगी। योजना में शामिल होने वाले श्रमिक का मासिक अंशदान 55 रुपये से लेकर 200 रुपये तक हो सकता है। केंद्र सरकार भी लाभार्थी के बराबर राशि का योगदान करती है. जिसके बाद 60 साल की उम्र पूरी होने के बाद पात्र लाभार्थी को 3,000 रुपये मासिक पेंशन दी जाएगी।

कहां करें रजिस्ट्रेशन?

इस योजना में रजिस्ट्रेशन कराने के लिए इच्छुक श्रमिक अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) पर जा सकते हैं। यहां आधार कार्ड और बैंक खाते की जानकारी के जरिए से रजिस्ट्रेशन कराया जा सकता है। इसके अलावा योजना की आधिकारिक वेबसाइट maandhan.in पर जाकर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है। आवेदन से पहले पात्रता और अंशदान संबंधी नियमों की जानकारी जरूर चेक कर लें।

About the Author

साहब राम
साहब राम

9447 Articles