दिहाड़ी मजदूर पत्रकार: पत्रकारिता का कड़वा सच!
पत्रकारिता का पीठा और दिहाड़ी मजदूर पत्रकार!*
आपको मेरी बात चुभ सकती है, लेकिन क्या करूं, सच अक्सर चुभता ही है। वर्तमान समय में पत्रकारिता की हालत कुछ ऐसी हो गई है कि पत्रकार या तो नौकरी करते-करते नौकरशाहों की भाषा बोलने लगा है या फिर पत्रकारिता के पीठे पर दिहाड़ी मजदूर बनकर रह गया है। फर्क सिर्फ इतना है कि दूसरे मजदूर को अपनी मेहनत की मजदूरी मांगने में शर्म नहीं आती, लेकिन पत्रकार को अपनी खबर की कीमत मांगते हुए भी सौ बार सोचना पड़ता है।
कभी पत्रकार समाज का आईना हुआ करता था। आज पत्रकारिता में आईने कम और चेहरे ज्यादा दिखाई देते हैं। कोई सत्ता का चेहरा दिखाता है, कोई विपक्ष का, कोई अपने मालिक का और कोई विज्ञापन देने वाले का। जनता का चेहरा दिखाने वाले पत्रकार को अब ढूंढ़ना पड़ता है। वह भी कहीं किसी कोने में बैठा अपनी कलम की स्याही बचाता मिल जाए तो गनीमत है।
पत्रकारिता भी अब एक ऐसी दुकान बन गई है, जहां हर तरह का माल उपलब्ध है। अखबार का पत्रकार, टेलीविजन का पत्रकार, यूट्यूब का पत्रकार, सोशल मीडिया का पत्रकार, मासिक पत्रिका का पत्रकार, पाक्षिक का पत्रकार, साप्ताहिक का पत्रकार, त्रैमासिक का पत्रकार और अब ओटीटी का पत्रकार भी मैदान में है। हर किसी के पास अपना मंच है, अपना माइक है, अपना कैमरा है और अपनी पत्रकारिता है। बस, सवाल यह है कि इनमें से कितनों के पास पत्रकारिता का वह विवेक बचा है, जो सत्ता के सामने खड़े होकर पूछ सके कि हुजूर, जनता के सवालों का जवाब कब देंगे?
अखबार वाले पत्रकार की अपनी पीड़ा है। खबर लिखो तो डेस्क काट देती है, डेस्क बचा दे तो मालिक की नीति रोक देती है और मालिक की नीति से खबर बच निकले तो विज्ञापनदाता की नाराजगी आड़े आ जाती है। बेचारा संवाददाता खबर लिखते-लिखते इतना संपादित हो जाता है कि आखिर में उसके पास अपना नाम छपने की खुशी ही बचती है। खबर किसकी छपी, किसकी दब गई और किसकी चमक गई, यह सब अखबार के आर्थिक गणित से तय होने लगा है।
टेलीविजन के पत्रकार की हालत भी कम दिलचस्प नहीं है। उसे खबर बताने से ज्यादा खबर पर चिल्लाना पड़ता है। अगर वह शांति से तथ्य समझाने लगे तो दर्शक चैनल बदल सकता है। इसलिए स्क्रीन पर चीखना जरूरी है। बहस में पांच लोग एक साथ बोलें, एंकर किसी को बोलने न दे और अंत में फैसला भी खुद सुना दे, तभी समझिए कि प्राइम टाइम सफल रहा। अब पत्रकारिता में आवाज की ऊंचाई को ज्ञान की गहराई समझने की नई परंपरा विकसित हो गई है।
यूट्यूब के पत्रकार का संसार तो और भी निराला है। किसी के पास पूरा स्टूडियो है, किसी के पास मोबाइल फोन, किसी के पास माइक है और किसी के पास सिर्फ माइक की शक्ल में लगा हुआ एक खिलौना। कोई गांव की समस्या उठा रहा है, कोई मंत्री से सवाल पूछ रहा है और कोई सड़क किनारे खड़े होकर सरकार गिराने से लेकर बनाने तक का विश्लेषण कर रहा है। इन सबके बीच एक ऐसा पत्रकार भी है जो खबर करने से पहले कैमरे की बैटरी देखता है और खबर के बाद यह कि वीडियो पर कितने लोग आए।
सोशल मीडिया के पत्रकार की तो पूछिए ही मत। सुबह उठते ही खबर, दोपहर में विश्लेषण, शाम को खुलासा और रात को महाखुलासा। किसी ने फेसबुक पर पोस्ट डाल दी तो वह खबर, किसी ने वीडियो बना दिया तो वह विशेष रिपोर्ट और किसी ने दूसरे की पोस्ट पर अपनी तस्वीर लगा दी तो वह खोजी पत्रकारिता! यहां खबर की पुष्टि से ज्यादा जरूरी है कि पोस्ट सबसे पहले किसने डाली। सच बाद में पहुंच जाए तो कोई बात नहीं, वायरल पहले होना चाहिए।
और मासिक, पाक्षिक, साप्ताहिक तथा त्रैमासिक पत्रकारिता की दुनिया में भी अलग ही रंग हैं। किसी का अखबार महीने में एक बार आता है, किसी का पंद्रह दिन में, किसी का सप्ताह में और किसी का तीन महीने में। मगर प्रेस कार्ड ऐसा कि मानो रोज सुबह देश की सरकार उसी से पूछकर काम शुरू करती हो। कुछ प्रकाशन नियमित निकलते हैं, मेहनत से निकलते हैं और अपने सीमित साधनों में पत्रकारिता को जिंदा रखते हैं। लेकिन कुछ जगहों पर प्रकाशन की नियमितता, प्रसार और पत्रकारिता की गुणवत्ता से ज्यादा चर्चा कार्ड बांटने की होती है। सवाल यह नहीं कि प्रकाशन मासिक है या दैनिक, सवाल यह है कि उसमें जनता के लिए कितना सच है और पत्रकार के नाम पर कितनी दुकानदारी।
और अगर कोई पूछे कि पत्रकारिता में सबसे सुरक्षित जगह कौन-सी है, तो व्यंग्य में कहूंगा आकाशवाणी की दुनिया भी देख लीजिए, रेडियो की पत्रकारिता में अपनी अलग परंपरा और अनुशासन है। वहां कम से कम माइक पर बोलने से पहले यह तो पता होता है कि बोलना क्या है। बाकी जगहों पर कभी-कभी माइक पहले चालू होता है और दिमाग बाद में।
अब पत्रकारों की किस्मों पर आइए। यहां भी इतनी विविधता है कि किसी मेले में भी इतनी वैरायटी नहीं मिलेगी। कोई चचा पत्रकार है, कोई मौसा पत्रकार, कोई मौसी पत्रकार, कोई फूफा, कोई मामू और कोई खालू पत्रकार। रिश्तेदारी की यह पत्रकारिता भी अपने आप में एक संस्थान है। किसके यहां शादी है, किसके यहां जन्मदिन है, किसके यहां सम्मान समारोह है और किसके यहां उद्घाटन, सबकी जानकारी इनके पास रहती है। खबर छूट जाए तो छूट जाए, लेकिन मंच पर नाम और तस्वीर नहीं छूटनी चाहिए।
फिर आते हैं विषय विशेषज्ञ पत्रकार। कोई अपराध का पत्रकार है, कोई राजनीति का, कोई नगर निगम का, कोई प्रशासन का, कोई खेल का, कोई रेल का और कोई भेल का। कोई निगम-मंडल की खबरों में विशेषज्ञ है तो कोई अधिकारियों की पदस्थापना और नेताओं की नाराजगी का विशेषज्ञ। इन सबके बीच जनता की समस्या का विशेषज्ञ पत्रकार कहां है, यह सवाल पूछने पर कई बार जवाब से ज्यादा खामोशी मिलती है।
क्राइम रिपोर्टर अपराध खोजता है, राजनीति का पत्रकार राजनीतिक खेल समझता है, खेल का पत्रकार खिलाड़ियों की मेहनत पर लिखता है और नगर निगम का पत्रकार शहर की नालियों से लेकर सड़कों तक की खबर उठाता है। इन सभी की जरूरत है। लेकिन जब विशेषज्ञता किसी अधिकारी की कृपा, किसी नेता की निकटता या किसी विभाग के नियमित सत्कार तक सीमित हो जाए, तब पत्रकारिता की धार कुंद होने लगती है।
इन सबसे ऊपर एक और बिरादरी है चीखने वाले पत्रकार, डिबेट वाले पत्रकार और मुर्गे लड़ाने वाले पत्रकार। इनके स्टूडियो में सवाल कम और शोर ज्यादा होता है। एक प्रवक्ता दूसरे पर चढ़ता है, दूसरा पहले को देशद्रोही बता देता है, तीसरा इतिहास लेकर आ जाता है और एंकर सबको लड़वाकर लोकतंत्र की रक्षा का प्रमाणपत्र खुद ही बांट देता है। दर्शक सोचता रह जाता है कि बहस में देश का कौन-सा सवाल हल हुआ। मगर कार्यक्रम समाप्त होते ही सबके चेहरे पर मुस्कान लौट आती है। कैमरे के सामने युद्ध और कैमरे के पीछे सौहार्द वाह रे पत्रकारिता!
और अब आते हैं सबसे ज्ञानवान पत्रकारों पर। भाजपा के पत्रकार, कांग्रेस के पत्रकार, समाजवादी पार्टी के पत्रकार, बहुजन राजनीति के पत्रकार और दूसरे दलों के पत्रकार। इनके पास हर विषय का उत्तर पहले से तैयार रहता है। अपनी पार्टी की गलती पर मौन व्रत और दूसरी पार्टी की गलती पर महाभारत। अपने नेता का बयान ऐतिहासिक, विरोधी का बयान हास्यास्पद। अपने दल का भ्रष्टाचार षड्यंत्र और विरोधी का भ्रष्टाचार राष्ट्र का सबसे बड़ा संकट।
इनके लिए पत्रकारिता का अर्थ है अपने राजनीतिक खेमे की चौकीदारी करना। सवाल यह नहीं कि सच क्या है, सवाल यह है कि सच किसके पक्ष में जाएगा। पत्रकारिता की निष्पक्षता इनके लिए वैसी ही चीज है, जैसी चुनाव के समय नेताओं के लिए दल-बदल पर नैतिकता की बातें।
लेकिन इस तमाम भीड़ में एक और पत्रकार है, जिसे सबसे कम लोग पहचानते हैं। वह छोटा पत्रकार है। वह अपनी मोटरसाइकिल में पेट्रोल भरवाने के लिए उधार मांगता है। खबर करने जाता है तो अपने खर्चे से जाता है। कैमरा टूट जाए तो अपनी जेब से बनवाता है। अखबार में खबर छपे तो मानदेय की प्रतीक्षा करता है। चैनल पर रिपोर्ट चले तो अगली असाइनमेंट की चिंता करता है। महीने भर काम करने के बाद जब भुगतान मांगता है तो जवाब मिलता है अभी बजट नहीं आया, अगले महीने देखेंगे।
उसके लिए पत्रकारिता कोई चमकदार पेशा नहीं, रोज की लड़ाई है। वह जनता की समस्याएं उठाता है, लेकिन उसकी अपनी समस्याओं पर कोई खबर नहीं बनाता। वह दूसरों के हक के लिए अधिकारियों से भिड़ता है, लेकिन अपना बकाया मांगने के लिए संपादक के सामने हाथ जोड़ता है। वह भ्रष्टाचार की खबर लिखता है, मगर अपने श्रम का भुगतान मांगते हुए खुद को असहाय पाता है।
यही है पत्रकारिता का असली दिहाड़ी मजदूर! मजदूर ईंट उठाता है, पत्रकार खबर उठाता है। मजदूर पसीना बहाता है, पत्रकार जोखिम उठाता है। मजदूर को उसकी मेहनत का भुगतान न मिले तो वह ठेकेदार से सवाल करता है, लेकिन पत्रकार सवाल करे तो उसे समझाया जाता है कि पत्रकारिता सेवा है, व्यापार नहीं। मानो सेवा करने वाले का पेट नहीं होता, परिवार नहीं होता, बच्चों की फीस नहीं होती और मोटरसाइकिल में पेट्रोल हवा से भर जाता हो!
पत्रकारिता सेवा जरूर है, लेकिन पत्रकार का शोषण कोई सेवा नहीं है। पत्रकारिता मिशन हो सकती है, मगर मिशन के नाम पर पत्रकार को मुफ्त में काम कराने की परंपरा किसी भी तरह उचित नहीं है। पत्रकार को ईमानदार होना चाहिए, लेकिन ईमानदारी का अर्थ यह नहीं कि मालिक की कमाई बढ़ती रहे और पत्रकार का घर उधार पर चलता रहे।
विडंबना यह है कि पत्रकारिता के बड़े-बड़े मंचों पर पत्रकारों के सम्मान की बातें होती हैं। माला पहनाई जाती है, शॉल ओढ़ाई जाती है, स्मृति चिह्न दिया जाता है और तस्वीरें खिंचवाई जाती हैं। मगर कार्यक्रम खत्म होने के बाद वही पत्रकार अपने भुगतान, सुरक्षा और रोजगार के सवाल लेकर दर-दर भटकता है। सम्मान समारोह में पत्रकार राष्ट्र का चौथा स्तंभ होता है, लेकिन मानदेय मांगने पहुंच जाए तो खर्च बढ़ाने वाला कर्मचारी बन जाता है।
सरकारों को भी पत्रकारिता तभी याद आती है, जब कोई संकट खड़ा होता है, कोई अभियान चलाना होता है या जनता तक अपनी उपलब्धियां पहुंचानी होती हैं। तब पत्रकार जरूरी हो जाता है। बाकी समय वही पत्रकार सवाल पूछ दे तो उसे विपक्षी, सरकार विरोधी या एजेंडा चलाने वाला बता दिया जाता है। सत्ता को प्रशंसा चाहिए तो पत्रकार लोकतंत्र का प्रहरी और सवाल पूछे तो लोकतंत्र के लिए खतरा!
अब सवाल यह है कि पत्रकारिता का भविष्य क्या है? क्या पत्रकार केवल प्रेस कार्ड, माइक आईडी, राजनीतिक पहचान और सोशल मीडिया के अनुयायियों की संख्या से पहचाना जाएगा? क्या पत्रकारिता की योग्यता इस बात से तय होगी कि किस मंत्री के साथ कितनी तस्वीरें हैं? या फिर पत्रकार की पहचान इस बात से होगी कि उसने जनता के लिए कौन-सा सवाल उठाया, किस अन्याय के खिलाफ आवाज बुलंद की और किस दबे हुए सच को सामने लाने का साहस किया?
पत्रकारिता में माध्यम अनेक हो सकते हैं, लेकिन उसका मूल धर्म एक ही है—सत्ता से सवाल और जनता की आवाज। अखबार हो या टीवी, यूट्यूब हो या सोशल मीडिया, मासिक हो या दैनिक, पत्रकार की पहचान उसके मंच से नहीं, उसके काम से होनी चाहिए।
इसलिए अगली बार कोई कहे कि पत्रकार ले लो, पत्रकार! तो उससे जरूर पूछिएगा—भाई, पत्रकार चाहिए या पीठे का मजदूर? खबर लिखने वाला चाहिए या नेता की जय-जयकार करने वाला? सच दिखाने वाला चाहिए या विज्ञापन के बदले सच छिपाने वाला?
क्योंकि आज पत्रकारिता के बाजार में पत्रकारों की कमी नहीं है, कमी है तो उस पत्रकार की जो बिकने से इनकार कर सके। माइक हजार हैं, आवाजें हजार हैं, कैमरे हजार हैं, लेकिन सत्ता की आंखों में आंखें डालकर सच बोलने का साहस हर किसी के पास नहीं है।
और अंत में एक बात उन लोगों के लिए भी, जो पत्रकारिता को केवल कमाई का धंधा समझते हैं। पत्रकार की कलम खरीदने से पहले यह याद रखिए कि कलम बिक सकती है, लेकिन हर पत्रकार नहीं। कुछ लोग पीठे पर बैठकर अपनी कीमत लगवाते हैं, कुछ दिहाड़ी पर खबरें लिखते हैं और कुछ ऐसे भी हैं जो अपनी कीमत लगने ही नहीं देते।
पत्रकारिता का असली संकट पत्रकारों की संख्या नहीं, उनकी स्वतंत्रता है। जिस दिन पत्रकार अपने मालिक, विज्ञापनदाता, नेता और अधिकारी की मर्जी से नहीं, बल्कि जनता के सवालों से अपनी खबर तय करने लगेगा, उस दिन पत्रकारिता फिर पत्रकारिता कहलाएगी।
तब शायद यह कहने की जरूरत नहीं पड़ेगी कि पत्रकार ले लो, पत्रकार! क्योंकि उस दिन पत्रकार बिकाऊ माल नहीं, लोकतंत्र की वह आवाज होगा जिसे खरीदने की ताकत किसी पीठे, किसी सत्ता और किसी बाजार में नहीं होगी।
