Jammu Kashmir Earthquake: कुलगाम में देर रात कांपी धरती, 3.6 तीव्रता का भूकंप दर्ज; डर के मारे घरों से बाहर निकले लोग
<strong>श्रीनगर।</strong> जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में शुक्रवार तड़के भूकंप के झटके महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार, रिक्टर पैमाने पर इस भूकंप की तीव्रता 3.6 दर्ज की गई है। झटके भले ही हल्के थे, लेकिन अचानक हिली धरती से लोगों में खौफ फैल गया और कई इलाकों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
<strong>देर रात 1:46 बजे डगमगाई धरती</strong>
भूकंप विज्ञान केंद्र के आंकड़ों के मुताबिक, भूकंप का अहसास शुक्रवार तड़के 1 बजकर 46 मिनट पर हुआ। इसका केंद्र कुलगाम क्षेत्र में 33.628 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 74.922 डिग्री पूर्वी देशांतर पर जमीन से लगभग 10 किलोमीटर की गहराई में स्थित था।
<strong>किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं</strong>
रात के सन्नाटे में जैसे ही लोगों ने कंपन महसूस किया, वे एहतियातन अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए। हालांकि, कम तीव्रता होने के कारण किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है।
स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीम के अनुसार, क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में और सामान्य है।
