# गरबे से गर्भ तक!* माँ आदि शक्ति की आराधना से लेकर 4.5 लाख लड़कियों के दावे तक, गरबा में भक्ति कम और सियासत का डांडिया ज्यादा! गरबा कभी माँ आदि शक्ति की आराधना का केंद्र हुआ करता था। गुजरात की सांस्कृतिक परंपरा से निकला यह उत्सव अब मध्यप्रदेश सहित देश के कई हिस्सों में आस्था, उल्लास और सामूहिक उत्सव का प्रतीक बन चुका है। नवरात्रि आती है तो डांडिया बजता है, माँ के जयकारे गूंजते हैं और भक्त शक्ति की उपासना में लीन हो जाते हैं। लेकिन अब गरबा का स्वरूप कुछ ऐसा बदल रहा है कि माँ के दरबार में भक्ति से ज्यादा बाजार और संस्कृति से ज्यादा सियासत दिखाई देने लगी है। मीडिया हाउसों ने गरबा को कमाई का जरिया बना लिया। विज्ञापन, प्रायोजक, वीआईपी पास, महंगे टिकट और फैशन की चमक के बीच माँ की आराधना का यह आयोजन धीरे-धीरे बाजार का उत्सव बनता चला गया। अब इसी गरबे में राजनीति ने भी अपना डांडिया जमा लिया है। फर्क सिर्फ इतना है कि पहले डांडिया की चोट संगीत पर पड़ती थी, अब बयानों की चोट सामाजिक सद्भाव और महिलाओं की स्वतंत्रता पर पड़ती दिखाई दे रही है। मध्यप्रदेश की पूर्व संस्कृति मंत्री और भाजपा विधायक उषा ठाकुर ने ऐसा बयान दिया है कि गरबा अब आराधना से आगे बढ़कर जनसंख्या के गणित तक पहुंच गया है। उनका दावा है कि गरबा के दौरान हर साल 4.5 लाख लड़कियां गैर-हिंदू पुरुषों के साथ भाग जाती थीं और अगले वर्ष उनके बच्चों के जन्म से आबादी के स्वरूप में बदलाव होता था। उन्होंने गरबा पंडालों में गैर-हिंदुओं के प्रवेश पर रोक की वकालत भी की है। अब सवाल यह है कि 4.5 लाख का यह आंकड़ा आया कहां से? क्या कोई आधिकारिक सर्वे है, कोई सरकारी रिपोर्ट है, कोई प्रमाणित अध्ययन है या फिर यह आंकड़ा भी राजनीतिक मंचों पर उछलने वाले उन जुमलों की श्रेणी में आता है, जिनका हिसाब मांगने पर जवाब के बजाय भावनाएं आहत होने लगती हैं? गरबा से लड़कियों के भागने और फिर बच्चों के जन्म के जरिए जनसांख्यिकी बदलने का दावा कोई मामूली बात नहीं है। यह लाखों महिलाओं के चरित्र, उनकी पसंद और उनके जीवन को एक राजनीतिक आरोप के दायरे में खड़ा करता है। यदि आंकड़ा सही है तो प्रमाण सामने आने चाहिए और यदि प्रमाण नहीं हैं तो इतने बड़े दावे की जिम्मेदारी कौन लेगा? गरबा से गर्भ तक का यह राजनीतिक सफर आखिर किस शोध संस्थान ने तय किया है? विडंबना देखिए, जिस गरबा को माँ शक्ति की आराधना बताया जा रहा है, उसी में शामिल होने वाली बालिग महिलाओं की पसंद पर सवाल उठाए जा रहे हैं। क्या माँ शक्ति की उपासना करने वाली बेटियां इतनी कमजोर हैं कि किसी पंडाल में किसी दूसरे धर्म का व्यक्ति दिखाई देते ही अपनी जिंदगी का फैसला बदल दें? क्या महिलाओं की अपनी समझ, विवेक और निर्णय लेने की क्षमता को राजनीतिक मंचों से प्रमाणित कराने की जरूरत है?
उधर, भोपाल के भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने भी गरबा में मुस्लिम युवकों की भागीदारी को लेकर टिप्पणी की। उन्होंने मुस्लिम युवकों से अपनी बहनों और बेटियों को साथ लाने की बात कही और अपने लड़कों के भी तैयार होने जैसी टिप्पणी की। यानी गरबा अब केवल डांडिया खेलने का आयोजन नहीं, बल्कि राजनीतिक संवाद में रिश्तों और धर्म के आधार पर सामाजिक चुनौती पेश करने का मंच भी बनता जा रहा है।
कमाल है! माँ की आराधना के लिए बनाए गए पंडाल में अब प्रवेश से पहले धर्म, पहचान और रिश्तों की पड़ताल होगी। आयोजक तय करेंगे कि कौन किसके साथ आया है, किसकी कलाई पर कलावा है, किसके माथे पर तिलक है और किसकी आस्था का प्रमाणपत्र कितना पक्का है। भक्ति का नया प्रवेश द्वार शायद यही है पहले पहचान बताइए, फिर डांडिया उठाइए! और इस पूरे तमाशे में मीडिया की भूमिका भी कम दिलचस्प नहीं है। गरबा के नाम पर बड़े-बड़े आयोजन, विज्ञापनों की भरमार और प्रायोजकों की होड़ चलती है। जब कमाई का सवाल आता है तो संस्कृति का व्यावसायीकरण किसी को नहीं खटकता, लेकिन जब किसी की धार्मिक पहचान पर सवाल उठाना हो तो संस्कृति अचानक संकट में आ जाती है। उषा ठाकुर ने स्वयं गरबा के व्यावसायीकरण पर चिंता जताई है और कहा है कि यह आयोजन कपड़े, गहने और टैटू दिखाने का माध्यम बनता जा रहा है। यह बहस अपनी जगह है कि धार्मिक आयोजनों में बाजार की कितनी जगह होनी चाहिए। लेकिन सवाल यह भी है कि क्या संस्कृति की रक्षा महिलाओं पर संदेह करने और धर्म के आधार पर लोगों को बाहर करने से होगी? गरबा के आयोजनों में लाखों रुपये के विज्ञापन देने वाले मीडिया संस्थानों से भी सवाल पूछा जाना चाहिए कि क्या उनकी जिम्मेदारी केवल आयोजन की चमक-दमक दिखाना है? क्या उन्हें आयोजनों की व्यवस्थाओं, महिलाओं की सुरक्षा, टिकटों की कीमत और आयोजकों की जवाबदेही पर सवाल नहीं उठाने चाहिए? जब कोई विवादित बयान आता है तो वही मीडिया उसे दिनभर चलाकर टीआरपी की थाली में परोसता है। फिर बहस होती है, बयान आते हैं, प्रतिक्रियाएं आती हैं और गरबा एक बार फिर खबरों की सुर्खियों में आ जाता है। इस पूरे खेल में माँ आदि शक्ति कहां हैं? उनकी आराधना कहां है? उनके नाम पर आयोजित उत्सव में महिलाओं को संदेह की निगाह से देखना और उनकी स्वतंत्रता को धर्म की चौखट पर खड़ा करना क्या वास्तव में शक्ति की उपासना है? गरबा की परंपरा में शक्ति की उपासना है। शक्ति का अर्थ केवल देवी की मूर्ति के सामने सिर झुकाना नहीं, बल्कि महिलाओं के सम्मान, स्वतंत्रता और आत्मनिर्णय को स्वीकार करना भी है। यदि गरबा के नाम पर महिलाओं के फैसलों को संदेह की निगाह से देखा जाएगा, तो फिर शक्ति की आराधना का वास्तविक अर्थ क्या रह जाएगा? राजनीति को गरबा से इतनी ही मोहब्बत है तो वह महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा, रोजगार और सम्मान पर भी इसी उत्साह से चर्चा करे। जिन आयोजनों में लाखों रुपये खर्च होते हैं, वहां महिलाओं की सुरक्षा के इंतजामों पर भी सवाल उठाए जाएं। केवल धर्म के आधार पर प्रवेश रोकने की मांग करना संस्कृति की रक्षा का संपूर्ण विकल्प नहीं हो सकता। और फिर सवाल यह भी है कि गरबा में शामिल होने वाले हर व्यक्ति की धार्मिक पहचान तय करने का अधिकार आखिर किसके पास होगा? क्या किसी की वेशभूषा, नाम या पहचान देखकर उसकी नीयत का फैसला किया जा सकता है? यदि किसी आयोजन में अनुशासन और सुरक्षा के नियम जरूरी हैं तो वे सबके लिए स्पष्ट, पारदर्शी और समान होने चाहिए। किसी अपराध की आशंका पर कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन किसी पूरे समुदाय को संदेह के घेरे में खड़ा करना किस तरह की सामाजिक व्यवस्था का संकेत है? आखिर गरबा माँ आदि शक्ति का उत्सव है, किसी राजनीतिक दल की निजी जागीर नहीं। नवरात्रि में माँ की आराधना होनी चाहिए, न कि महिलाओं की स्वतंत्रता पर राजनीतिक पहरेदारी। मीडिया को भी तय करना होगा कि वह गरबा की सांस्कृतिक परंपरा को सामने लाएगा या हर साल विवादों का नया बाजार सजाएगा। क्योंकि जब भक्ति के मंच पर सियासत का डांडिया बजने लगे और आस्था के उत्सव में जनसंख्या का गणित पढ़ाया जाने लगे, तब व्यंग्यकार के पास सवाल पूछने के अलावा बचता ही क्या है? गरबा माँ की आराधना से शुरू हुआ था, मीडिया के बाजार से गुजरा और अब नेताओं के बयानों में गर्भ तक पहुंच गया। वाह रे सियासत! तेरे डांडिया की थाप भी निराली है गरबे से गर्भ तक!
लेखक- राजेन्द्र सिंह जादौन