MP में सरकारी नौकरियों को लेकर बड़ा फैसला! आउटसोर्स कर्मचारियों की होगी छुट्टी, नियमित पदों पर मिलेगी भर्ती
भोपाल। प्रदेश के विभिन्न सरकारी विभागों में नियमित पदों के विरुद्ध आउटसोर्स के माध्यम से रखे गए कर्मचारियों को अब हटाया जाएगा।
लंबे समय से भर्तियां न होने के कारण इन पदों पर अस्थायी रूप से आउटसोर्स कर्मियों की तैनाती की गई थी। अब राज्य सरकार द्वारा इन पदों पर नियमित भर्ती शुरू करने के निर्णय के बाद सभी विभागों को निर्देश दिया गया है कि वे वित्त विभाग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए 31 मार्च 2027 तक इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई पूरी कर लें।
मार्च 2027 के बाद सेवाएं जारी रखीं तो पद होंगे समाप्त
योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग की उप सचिव किरण गुप्ता ने आर्थिक एवं सांख्यिकी संचालनालय और नीति आयोग को इस संबंध में पत्र लिखकर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कह दिया है। बता दें कि यह व्यवस्था चतुर्थ श्रेणी के पदों पर लागू नहीं होगी। इसके साथ ही यदि मार्च 2027 के बाद भी आउटसोर्स कर्मचारियों की सेवाएं जारी रखना जरूरी हुआ, तो संबंधित श्रेणी के नियमित पद समाप्त कर दिए जाएंगे।
इन विभागों में सेवाएं दे रहे आउटसोर्स कर्मी
जानकारी दें दें कि प्रदेश में बिजली कंपनियों, नगरीय निकायों, पंचायतों, कलेक्ट्रेट, स्वास्थ्य, शिक्षा, लोक निर्माण और जल संसाधन विभाग में बड़ी संख्या में आउटसोर्स कर्मचारी सेवाएं दे रहे हैं। इनमें अधिकतर कर्मचारी डाटा एंट्री और कंप्यूटर आपरेटर के साथ कार्यालय सहायक के पदों पर कार्यरत हैं।
चतुर्थ श्रेणी कर्मियों को मिलेगी छूट
विभागों ने अपनी जरूरत के मुताबिक वित्त विभाग की सहमति से रिक्त नियमित पदों के विरुद्ध सीमित समय के लिए आउटसोर्स कर्मचारी रखे थे। अब निर्णय लिया गया है कि ऐसे विभागों में चतुर्थ श्रेणी को छोड़कर बाकी आउटसोर्स कर्मचारियों की सेवाएं मार्च 2027 तक समाप्त की जाएंगी। यदि विशेष परिस्थिति में आउटसोर्स कर्मचारियों की सेवाएं जारी रखना जरूरी हुआ, तो संबंधित श्रेणी के नियमित पद समाप्त कर दिए जाएंगे।
खत्म होंगे अस्थायी पद
उल्लेखनीय है कि वैसे, 16 दिसंबर 2025 की कैबिनेट बैठक में यह निर्णय लिया जा चुका है कि विशेष परियोजनाओं को छोड़कर सभी विभागों के मौजूदा अस्थायी पद स्थायी किए जाएंगे। कर्मचारी संगठन इसका विरोध कर रहे हैं और उनका कहना है कि इससे लंबे समय से सेवा दे रहे कर्मचारियों का भविष्य खराब हो जाएगा।