Success Story: भाई के त्याग और अपने संघर्ष से DSP बनीं पूजा जाट, पिता की लत और समाज के तानों को दी मात
DSP Pooja Jat Success Story: मध्य प्रदेश के एक किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाली पूजा जाट की सफलता की कहानी उन तमाम युवाओं के लिए एक बड़ी प्रेरणा है, जो संसाधनों की कमी और सामाजिक दबाव से घबराकर अपने सपनों को अधूरा छोड़ देते हैं। पूजा की इस कामयाबी के पीछे उनके बड़े भाई के त्याग और अथक परिश्रम की सबसे अहम भूमिका रही है। पिता की नशे की लत के कारण पूरे परिवार की जिम्मेदारी कम उम्र में ही भाई के कंधों पर आ गई थी, लेकिन इन कठिन परिस्थितियों के बावजूद दोनों भाई-बहन ने कभी हार नहीं मानी और अपनी मेहनत के दम पर अपने सपने को सच कर दिखाया।
गरीब किसान परिवार से आती हैं पूजा जाट
पूजा जाट का जन्म मध्य प्रदेश के नीमच जिले के हरवार गांव में हुआ था। वह एक गरीब किसान परिवार से आती हैं। उनकी परवरिश ऐसे समाज में हुई जहां लड़कियों को सिर्फ उतना ही पढ़ाया जाना जरूरी समझा जाता है जितना शादी के लिए काफी है। पूजा ने अपनी शुरुआत पढ़ाई गांव के सरकारी स्कूल से पूरी की है। उनके जीवन के शुरुआती अनुभव ही थे जिन्होंने उनके अंदर कुछ बड़ा करने की आग जलाई।
स्कूल में आए कलेक्टर को देखकर मिली प्रेरणा
पूजा ने एक इंटरव्यू में बताया था उन्होंने 9वीं क्लास में बड़ा अफसर बनने की प्रेरणा मिली थी। जब वह 9वीं क्लास में थीं तब स्कूल में इंस्पेक्शन के लिए कलेक्टर आए थे, जिन्हें देखकर उनके मन में एक जिज्ञासा जगी कि आखिर यह कौन अफसर है, यहां तक कैसे पहुंचा जा सकता है। लेकिन उस वक्त परिवार के सामने कम चुनौतियां नहीं थीं।
पिता की नशे की आदत, भाई ने संभाली जिम्मेदारी
एक समय था जब पिता की नशे की आदत सबसे बड़ी परेशानी बन गई थी। उनके बड़े भाई को पढ़ाई छोड़कर परिवार की जिम्मेदारियां संभालनी पड़ी। घर का खर्च चलाने के लिए खेती-किसानी की। कई परेशानियों के बावजूद मां और भाई ने हमेशा पढ़ने के लिए प्रेरित किया।
एक इंटरव्यू में पूजा ने बताया था कि उनकी 7 साल लंबी जर्नी में उनकी माता और भाई का योगदान अतुलनीय है। उन्होंने कभी भी आर्थिक तंगी को पूजा तक आने नहीं दिया। उन्होंने हमेशा मनोबल बढ़ाया। हालांकि, कुछ समय बाद उनके पिता ने नशा छोड़ दिया और भाई के साथ खेती में हाथ बटाने लगे।
कॉलेज से निकलने ही शुरू की सिविल सेवा की तैयारी
पूजा जाट ने अपनी पढ़ाई सरकारी संस्थानों से प्राप्त की है। उन्होंने नीमच के श्री सीताराम जाजू गर्ल्स कॉलेज से बैचलर डिग्री हासिल की है। कॉलेज के सेकेंड ईयर में 'विवेकानंद करियर मार्गदर्शन प्रोग्राम' के दौरान जब उन्होंने कलेक्टर और एसपी को सुना, तो उन्होंने ठान लिया कि उन्हें सिर्फ और सिर्फ सिविल सेवा में ही जाना है।
4 PCS इंटरव्यू में असफल, बीमारी और सामाजिक दबाव
पूजा ने साल 2019 में मध्य प्रदेश सिविल सेवा परीक्षा (MPPSC PCS) की तैयारी शुरू की थी। चार बार पीसीएस इंटरव्यू देने के बाद भी निराशा हाथ लगती थी। इस दौरान गरीबी, बीमारी और समाज का दबाव का सामना करना पड़ा। लोग उनके भाई को ताने देते थे कि शादी क्यों नहीं करते। लोग पूछते थे कब सिलेक्शन होगा। 2023 की मेन्स परीक्षा में पूजा को टाइफाइड हो गया था, फिर भी उन्होंने हार मानी।
5वें अटेंप्ट में DSP बनी थीं पूजा जाट
पूजा का मानना है कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं है। उन्होंने अपनी तैयारी में लिमिटेड रिसोर्सेज पर भरोसा किया-
सिलेबस पर पकड़ मजबूत की।
पिछले वर्षों के क्वेश्चन पेपर सॉल्व किए।
खुद शॉर्ट नोट्स बनाए ताकि रिवीजन आसान हो सके।
मिरर के सामने बोलकर और बहुत सारे मॉक इंटरव्यू देकर बातचीत में हिचकिचाहट को दूर किया।
भाई के सपोर्ट और लगातार कड़ी मेहनत के दम पर पूजा ने MPPSC परीक्षा 2023 में 7वीं रैंक हासिल की और उप पुलिस अधीक्षक (DSP) बनीं। अपने भाई के अटूट समर्थन से तय किया गया उनका यह संघर्षपूर्ण सफर, अब उनके समुदाय और राज्य भर की युवा लड़कियों के लिए प्रेरणा बन गया है। डीएसपी पूजा की कहानी सिखाती है कि अगर इरादे मजबूत हों, तो कोई भी मंजिल दूर नहीं है।