पुष्कर मेले में 21 करोड़ रुपये कीमत का घोड़ा, 10 लीटर दूध और बिसलेरी का पानी, जानिए गोल्डन किंग घोड़े की खासियत

पुष्कर पशु मेले में 21 करोड़ रुपये कीमत वाला गोल्डन किंग घोड़ा आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। मालिक ने इसे बेटी को जन्मदिन पर गिफ्ट किया था और अब किसी भी कीमत पर बेचने को तैयार नहीं हैं।

अजमेर: राजस्थान के विश्व प्रसिद्ध पुष्कर पशु मेले में इन दिनों देशभर से आए पशु आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। इस बार मेले में एक खास घोड़े की खूब चर्चा हो रही है। 'गोल्डन किंग' नाम का यह घोड़ा अपनी अनोखी सुनहरी रंगत और शाही अंदाज के कारण लोगों का ध्यान खींच रहा है। बताया जा रहा है कि इसकी कीमत 21 करोड़ रुपये तक लग चुकी है, लेकिन मालिक इसे बेचने के लिए तैयार नहीं हैं। उनका कहना है कि यह घोड़ा उनके लिए अनमोल है और उन्होंने इसे अपनी बेटी को जन्मदिन पर तोहफे के रूप में दिया था।

दुनिया में अनोखा बताया जा रहा है गोल्डन किंग

गोल्डन किंग के मालिक सूरत निवासी डॉ. केदार पारीक हैं। पेशे से डॉक्टर होने के साथ-साथ उनका कंस्ट्रक्शन का कारोबार भी है। उन्हें बचपन से ही घोड़े पालने का शौक है। डॉ. पारीक के मुताबिक, गोल्डन किंग मारवाड़ी नस्ल का घोड़ा है और इसका रंग क्रिमेलो शैंपेन है। इसकी खासियत यह है कि इसका पूरा शरीर सुनहरे रंग का है और कहीं भी कोई दूसरा धब्बा नजर नहीं आता।

मालिक का दावा है कि पूरी तरह गोल्डन रंग का ऐसा घोड़ा भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया में भी इकलौता है। इसकी दोनों आंखें भी सुनहरी हैं। उन्होंने बताया कि गोल्डन किंग को हनुमानगढ़ से अपनी बेटी के जन्मदिन पर खरीदा था और उसे उपहार में दिया था। तभी से यह उनके परिवार का हिस्सा है।

21 करोड़ रुपये की कीमत लगने के बावजूद नहीं बेचेंगे

गोल्डन किंग की कीमत 21 करोड़ रुपये तक लगाए जाने की चर्चा है, लेकिन डॉ. केदार पारीक इसे बेचने के मूड में नहीं हैं। उनका कहना है कि उन्होंने इसे अपनी बेटी को गिफ्ट किया था, इसलिए अब यह उनके लिए केवल घोड़ा नहीं, बल्कि परिवार का अनमोल सदस्य है। वे इसे किसी भी कीमत पर बेचना नहीं चाहते।

रोजाना 10 लीटर दूध और खास देखभाल

गोल्डन किंग की देखभाल भी बेहद खास तरीके से की जाती है। मालिक के मुताबिक, इसे रोजाना करीब 10 लीटर दूध और सामान्य चारा दिया जाता है। इसके अलावा पीने के लिए बिसलेरी का पानी दिया जाता है। घोड़े की खास देखरेख के लिए अलग से व्यवस्था की गई है।

पुष्कर मेले में पहली बार पहुंचा गोल्डन किंग

डॉ. केदार पारीक पहली बार गोल्डन किंग को लेकर पुष्कर मेले में पहुंचे हैं। उनका कहना है कि वे चाहते थे कि लोग इस अनोखे घोड़े को देख सकें और उनका परिवार भी मेले का आनंद ले सके। मेले में पहुंचने के बाद से ही गोल्डन किंग को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट रही है। लोग उसके साथ फोटो और वीडियो बनाने के लिए उत्साहित नजर आ रहे हैं।

मालिक के पास कई और गोल्डन घोड़े भी

डॉ. पारीक को सुनहरे रंग के घोड़े पालने का खास शौक है। उनके पास अलग-अलग नस्लों के पांच अन्य घोड़े भी हैं, जिनमें ज्यादातर गोल्डन रंग के हैं। इसके अलावा उनके पास राजस्थानी नस्ल की दो घोड़ियां भी हैं। पुष्कर मेले में गोल्डन किंग की मौजूदगी इन दिनों लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।

About the Author

साहब राम
साहब राम

9447 Articles