मेहंदीपुर बालाजी धाम की यात्रा होगी आरामदायक, यहां देखें हिसार डिपो से चलने वाली सीधी बस सेवा की समय-सारणी
हरियाणा परिवहन विभाग द्वारा यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं। साथ लगते राज्यों के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के लिए सीधी बस सेवा शुरू कर यात्रियों के सफर को आरामदायक बनाया जा रहा है। इसी कड़ी में हिसार सहित आसपास के क्षेत्र से मेहंदीपुर बालाजी धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए एक अच्छी खबर है।
<strong>मेहंदीपुर बालाजी धाम जाने वाली रोडवेज बस का शेड्यूल </strong>
यह बस हिसार बस अड्डे से सुबह साढ़े 11 बजे रवाना होकर दोपहर 12.10 बजे हांसी, डेढ़ बजे भिवानी,ढाई बजे चरखी दादरी, साढ़े तीन बजे महेंद्रगढ़, शाम साढ़े 4 बजे नारनौल और शाम साढ़े 6 बजे अलवर से होते हुए रात 9 बजे मेहंदीपुर बालाजी धाम पहुंचेगी।
इसी तरह वापसी में अगले दिन सुबह 8 बजे मेहंदीपुर बालाजी से रवाना होकर सुबह साढ़े 10 बजे अलवर, साढ़े 12 बजे नारनौल और ढाई बजे चरखी दादरी पहुंचते हुए शाम 5 बजे के आसपास हिसार आगमन करेगी। बीच रास्ते यह बस दोनों दिशाओं में हांसी, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, नारनौल, अलवर, बांदीकुई स्टेशनों पर ठहराव करेगी। इस बस में हिसार से मेहंदीपुर बालाजी के लिए प्रति व्यक्ति यात्री किराया 400 रुपए निर्धारित किया गया है।
<strong>श्रद्धालुओं को फायदा </strong>
हिसार डिपो के एक अधिकारी ने बताया कि मेहंदीपुर बालाजी धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह बस सर्वोत्तम परिवहन विकल्प है। इस बस के माध्यम से श्रद्धालु मेहंदीपुर बालाजी मंदिर में दर्शन कर सुबह इसी बस से वापस घर लौट सकते हैं। उन्होंने बताया कि यात्रियों की सुविधा को देखते हुए निरंतर लंबे रूटों पर सीधी बस सेवा संचालित की जा रही है ताकि लोगों को आरामदायक सफर का अनुभव मिल सकें।
