जयपुर जिले की 22 पंचायत समितियों में प्रधान एवं उपप्रधान पदों के वोटिंग कल

जयपुर जिले की 22 पंचायत समितियों में प्रधान एवं उपप्रधान पदों के वोटिंग कल
 

जयपुर, 26 नवंबर। पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव के तहत जयपुर जिले की 22 पंचायत समितियों में प्रधान एवं उपप्रधान पदों के निर्वाचन का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रधान पद के लिए शुक्रवार, 27 नवंबर तथा उपप्रधान पद के लिए शनिवार, 28 नवंबर को निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बैठक प्रातः 10 बजे प्रारंभ होगी। नाम निर्देशन पत्र प्रातः 11 बजे तक प्रस्तुत किए जा सकेंगे तथा नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा प्रातः 11:30 बजे से की जाएगी। अभ्यर्थिता वापसी की प्रक्रिया अपराह्न 1 बजे तक संपन्न होगी। इसके तुरंत पश्चात चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची तैयार कर चुनाव चिह्नों का आवंटन किया जाएगा।  आवश्यक होने पर अपराह्न 3 बजे से सायं 5 बजे के मध्य मतदान करवाया जाएगा। मतदान समाप्ति के तुरंत पश्चात मतगणना कर परिणाम घोषित किया जाएगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने बताया कि पंचायत समितिवार निर्वाचन स्थलों का निर्धारण किया गया है। उन्होंने बताया कि अमरसर पंचायत समिति के लिए कार्यालय उपतहसील अमरसर, चाकसू के लिए कार्यालय पंचायत समिति चाकसू, चौमूं के लिए कार्यालय उपखण्ड अधिकारी चौमूं, गोविंदगढ़ के लिए कार्यालय पंचायत समिति गोविंदगढ़, जालसू के लिए कार्यालय पंचायत समिति जालसू, शाहपुरा के लिए कार्यालय पंचायत समिति शाहपुरा, मौजमाबाद के लिए कार्यालय पंचायत समिति मौजमाबाद, कोटखावदा के लिए कार्यालय पंचायत समिति कोटखावदा तथा आंधी के लिए कार्यालय पंचायत समिति आंधी को निर्वाचन स्थल निर्धारित किया गया है।

इसी प्रकार आमेर पंचायत समिति के लिए कार्यालय ब्लॉक विकास अधिकारी आमेर, बस्सी के लिए कार्यालय पंचायत समिति बस्सी, दूदू के लिए कार्यालय उपखण्ड अधिकारी दूदू, जमवारामगढ़ के लिए कार्यालय पंचायत समिति जमवारामगढ़, फागी के लिए कार्यालय पंचायत समिति फागी, सांभरलेक के लिए कार्यालय पंचायत समिति सांभरलेक, तूंगा के लिए कार्यालय पंचायत समिति तूंगा, झोटवाड़ा के लिए कार्यालय पंचायत समिति झोटवाड़ा तथा रामपुरा डाबड़ी के लिए कार्यालय उपखण्ड अधिकारी रामपुरा डाबड़ी को निर्वाचन स्थल निर्धारित किया गया है।

उन्होंने बताया कि किशनगढ़ रेनवाल पंचायत समिति के लिए नगरपालिका कार्यालय किशनगढ़ रेनवाल, सांगानेर के लिए कार्यालय पंचायत समिति सांगानेर, माधोराजपुरा के लिए तहसील कार्यालय माधोराजपुरा तथा जोबनेर के लिए कार्यालय पंचायत समिति जोबनेर में निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी नवनिर्वाचित पंचायत समिति सदस्यों से निर्धारित तिथि एवं समय पर संबंधित निर्वाचन स्थल पर उपस्थित होने की अपील की है। उन्होंने बताया कि बैठक में शामिल होने के लिए निर्वाचित सदस्य अपना निर्वाचन प्रमाण-पत्र एवं आधार कार्ड, मतदाता पहचान-पत्र आदि फोटोयुक्त पहचान-पत्र साथ लेकर आएं।

About the Author

Atal Hind Team Online
Atal Hind Team Online

9447 Articles