Success Story: लेफ्टिनेंट बनकर गांव लौटीं दीपाली राठौड़, स्वागत में उमड़ा पूरा गांव; जश्न का माहौल
<strong>Deepali Rathore Indian Army</strong>: राजस्थान के छोटे से गांव जूसरी की बेटी दीपाली राठौड़ ने इतिहास रच दिया है। उन्होंने भारतीय सेना के मिलिट्री नर्सिंग डिपार्टमेंट (मेडिकल कोर) में लेफ्टिनेंट पद पर नियुक्त होकर बड़ी सफलता हासिल की है। लेफ्टिनेंट बनने के बाद जब दीपाली पहली बार अपने गांव पहुंचीं, तो पूरा गांव उनके स्वागत के लिए उमड़ पड़ा। महिलाओं ने मंगलगीत गाए और फूल-मालाएं पहनाकर उनका अभिनंदन किया। गांव के लोगों का कहना है कि शिक्षा और कड़ी मेहनत के दम पर कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है, जिसका जीवंत उदाहरण दीपाली हैं।
दरअसल, 18 नवंबर 2026 को डीडवाना जिले के मकराना उपखंड स्थित जूसरी गांव में उत्सव जैसा माहौल था। दीपाली के स्वागत के लिए मुख्य बाजार को सजाया गया था और ढोल-नगाड़ों व उल्लास के बीच ग्रामीणों ने अपनी बेटी की भव्य अगवानी की। हर कोई उनकी इस कामयाबी का जश्न मनाता नजर आया।
दीपाली राठौड़ जूसरी निवासी शंकर सिंह राठौड़ की पुत्री हैं। ग्रामीणों ने कहा कि जब गांव की कोई बेटी प्रतिभा, मेहनत और दृढ़ संकल्प के बूते सफलता की नई इबारत लिखती है, तो पूरे समाज का गौरव बढ़ता है।
<strong>बस स्टैंड पर हुआ सम्मान समारोह</strong>
इस मौके पर ग्राम पंचायत जूसरी के बस स्टैंड पर स्वागत समारोह का आयोजन किया गया, जिसके लिए मुख्य बाजार को भी सजाया गया। जैसे ही गांव की गौरवशाली बेटी लेफ्टिनेंट दीपाली राठौड़ का आगमन हुआ, ग्रामीणों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान फूल-मालाओं और अभिनंदन के साथ उनका सम्मान किया गया। गांव के लोगों ने अपनी बेटी की इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में दीपाली के पिता शंकर सिंह राठौड़ एवं उनकी माता का भी सम्मान किया गया।
<strong>ग्रामीण बोले, पूरे क्षेत्र का बढ़ाया मान</strong>
इस मौके पर ग्रामीणों ने कहा कि उनकी इस उपलब्धि ने न केवल परिवार, बल्कि पूरे गांव और मकराना क्षेत्र को भी गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि सेना में अधिकारी बनना किसी भी युवा के लिए बड़े गर्व और सम्मान की बात है। दीपाली की सफलता ने यह संदेश दिया है कि बेटियां भी अपने परिश्रम, लगन और आत्मविश्वास के बल पर हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल कर सकती हैं।
<strong>बेटियों और युवाओं के लिए बनीं प्रेरणास्रोत</strong>
ग्रामीणों ने कहा कि दीपाली राठौड़ की यह उपलब्धि गांव की अन्य बेटियों और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। उनकी सफलता से क्षेत्र की बेटियों को अपने सपनों को पूरा करने तथा देश सेवा के लिए आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। साथ ही यह उपलब्धि समाज में बेटियों की शिक्षा, आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण को भी नई दिशा देने का कार्य करेगी।
