राजस्थान पंचायत चुनाव: कांग्रेस विधायक की भाभी हारीं, कहीं 3 वोट से जीत तो कहीं 1304 वोटों से बना रिकॉर्ड

राजस्थान पंचायत चुनाव के चौथे चरण के नतीजों में कांग्रेस विधायक हाकम अली की भाभी शबनम चुनाव हार गईं। कहीं 3 वोट से जीत मिली तो हनुमानगढ़ में रामेती देवी ने 1304 वोटों से बड़ी जीत दर्ज की।
 

राजस्थान पंचायत चुनाव के चौथे चरण के नतीजे सामने आने लगे हैं। इस चरण में कई ग्राम पंचायतों में बेहद दिलचस्प मुकाबले देखने को मिले। कहीं प्रत्याशी को महज 3 वोट से जीत मिली, तो कहीं 1304 वोटों के बड़े अंतर से जीत दर्ज कर इतिहास बनाया गया। सीकर जिले में फतेहपुर से कांग्रेस विधायक हाकम अली की भाभी शबनम सरपंच का चुनाव हार गईं। उन्हें रिंकू कंवर ने 113 वोटों से शिकस्त दी।

चौथे चरण में प्रदेश के 25 जिलों की 3,747 ग्राम पंचायतों में मतदान हुआ था। शाम 6 बजे तक 84.42 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इस दौरान 1 करोड़ 5 लाख से अधिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। मतदान के बाद ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर मतगणना शुरू हुई और देर रात तक नतीजे घोषित किए जाते रहे। इस चरण में 45 सरपंच निर्विरोध भी चुने गए हैं।

<strong>सीकर में कांग्रेस विधायक हाकम अली की भाभी हारीं चुनाव</strong>

सीकर जिले की रामगढ़ शेखावाटी पंचायत समिति के अंतर्गत आने वाली रोहल ग्राम पंचायत का चुनाव परिणाम चर्चा का विषय बना हुआ है। यहां फतेहपुर से कांग्रेस विधायक हाकम अली की भाभी शबनम सरपंच पद का चुनाव लड़ रही थीं। हालांकि, उन्हें हार का सामना करना पड़ा।

गांव के दूसरे प्रत्याशी रिंकू कंवर ने शबनम को 113 वोटों से हराकर जीत दर्ज की। विधायक की भाभी के चुनाव मैदान में होने के कारण इस पंचायत पर सभी की नजरें थीं। चुनाव प्रचार के दौरान भी यहां जोरदार मुकाबला देखने को मिला था।

<strong>कहीं 3 वोट तो कहीं 6 वोट से मिली जीत</strong>

चौथे चरण में कई पंचायतों में जीत-हार का अंतर बेहद कम रहा। बालोतरा जिले की अन्नपूर्णा नगर ग्राम पंचायत में कमला देवी ने महज 3 वोटों से जीत दर्ज की। वहीं प्रतापगढ़ की लुपड़ी पंचायत में ललिता मीणा 6 वोटों से विजयी रहीं।

इसके अलावा सलूम्बर की करा-कलां पंचायत में निर्मला ने 10 वोटों से, बालोतरा की रूपसर पंचायत में चंद्रा कंवर ने 14 वोटों से और श्रीगंगानगर की 54 GB ग्राम पंचायत में संतोष देवी ने 16 वोटों से जीत हासिल की।

<strong>हनुमानगढ़ में 1304 वोटों से सबसे बड़ी जीत</strong>

राजस्थान पंचायत चुनाव के चौथे चरण में सबसे बड़े अंतर से जीत हनुमानगढ़ जिले की अमरपुरा जालू ग्राम पंचायत में दर्ज की गई। यहां रामेती देवी ने 1,304 वोटों से जीत हासिल की। इस चरण में यह सबसे बड़ी जीतों में शामिल रही।

अन्य बड़ी जीतों में झुंझुनूं जिले की अलसीसर पंचायत में कुलदीप कुमार पूनिया ने 1,231 वोटों से, श्रीगंगानगर की 9 LM-B पंचायत में मदनलाल ने 1,181 वोटों से और बीकानेर की रायसर पंचायत में मेघाराम मेघवाल ने 1,131 वोटों से जीत दर्ज की।

वहीं चित्तौड़गढ़ जिले की मंडला चारण ग्राम पंचायत में चंद्रप्रकाश 1,075 वोटों से विजयी रहे। चौथे चरण के इन नतीजों में कहीं बेहद करीबी मुकाबला देखने को मिला, तो कहीं प्रत्याशियों ने बड़े अंतर से जीत दर्ज की।

##

About the Author

Atal Hind Team Online
Atal Hind Team Online

9447 Articles