काशी में फाइटर जेट्स का शौर्य प्रदर्शन! नमो घाट पर उमड़ी भीड़, पौराणिक थीम पर दिखा वायुसेना का पराक्रम

धर्म और अध्यात्म की नगरी काशी में भारतीय वायुसेना (IAF) का बहुप्रतीक्षित एयर शो 'विंग्स ओवर गंगा' (Wings over Ganges) पूरी भव्यता के साथ शुरू हो चुका है।

वाराणसी: धर्म और अध्यात्म की नगरी काशी में भारतीय वायुसेना (IAF) का बहुप्रतीक्षित एयर शो 'विंग्स ओवर गंगा' (Wings over Ganges) पूरी भव्यता के साथ शुरू हो चुका है। युद्धक विमानों की कलाबाजी और उनकी गड़गड़ाहट देखने के लिए नमो घाट सहित राजघाट और आसपास के सभी गंगा घाटों पर सुबह से ही भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह 10 बजे तक ही प्रमुख मार्गों पर भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई, और देखते ही देखते घाटों का हर कोना दर्शकों से खचाखच भर गया।

मालवीय पुल बंद, यातायात डायवर्ट

वायुसेना के इस भव्य एयर शो के मद्देनजर सुरक्षा और सुगम व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए मालवीय पुल पर सुबह 9 बजे से ही आवागमन पूरी तरह रोक दिया गया है। पुल बंद होने के कारण इस मार्ग से गुजरने वाले आम नागरिकों और वाहन चालकों को कुछ परेशानी का सामना करना पड़ा और शहर के अन्य वैकल्पिक मार्गों पर वाहनों का दबाव काफी बढ़ गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि एयर शो समाप्त होने के बाद ही मालवीय पुल पर आवाजाही दोबारा शुरू की जाएगी। आगामी दो दिनों तक होने वाले शो के दौरान भी यही व्यवस्था लागू रहेगी, ऐसे में लोगों को घर से निकलने से पहले वैकल्पिक मार्गों का चयन करने की सलाह दी गई है।

इतिहास में पहली बार: पौराणिक थीम पर आधारित एयर शो

यह पहला मौका है जब काशी के आसमान में युद्धक विमान अपना कौशल दिखा रहे हैं। इस आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता इसकी पौराणिक थीम है। वायुसेना के इतिहास में यह पहला अवसर है जब विमानों के फॉर्मेशन के नाम काशी और सनातन संस्कृति से जुड़े रखे गए हैं। विमान आकाश में केदार, सारंग, ओंकार, गंगा, रुद्र, भागीरथी, त्रिदेव, अलकनंदा, भैरव, कैलाश, त्रिलोचन, दशाश्वमेध और विश्वनाथ जैसे पौराणिक और धार्मिक नामों के आधारित फॉर्मेशन बनाते नजर आ रहे हैं।

100 विमान और 25 फॉर्मेशन बिखेरेंगे जलवा

भारतीय वायुसेना के 94 गौरवशाली वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस मेगा इवेंट में कुल 100 विमान हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें 52 लड़ाकू विमान, 15 परिवहन विमान, 32 हेलीकॉप्टर और 1 ऐतिहासिक विमान शामिल हैं। ये विमान देश भर के 12 वायु अड्डों (समेत चेन्नई के पास अरक्कोणम नौसैनिक अड्डा) से उड़ान भरकर काशी पहुंच रहे हैं। इसके अलावा वायुसेना के विशेष गरुड़ कमांडो भी इस प्रदर्शन का हिस्सा हैं।

इस एयर शो में भाग लेने वाले प्रमुख बेड़े इस प्रकार हैं:

हेलीकॉप्टर: एलसीएच, चिनूक, एएलएच मार्क III, एएलएच मार्क IV, अपाचे, चेतक, कामोव-31 और एमआई-17 वी5 (भारतीय थल सेना के 2 एएलएच और नौसेना का 1 कामोव-31 व 1 पी-8आई विमान भी शामिल)।

परिवहन विमान: सी-295, सी-17, सी-130, एईडब्ल्यूएंडसी, आईएल-78, एएन-32 और पी-8आई।

लड़ाकू विमान: सुखोई-30 एमकेआई, मिराज-2000, राफेल, एलसीए (तेजस), मिग-29 और जगुआर। साथ ही हार्वर्ड विमान, सूर्यकिरण और सारंग ए aerobatic टीमें मुख्य आकर्षण हैं।

प्रमुख हवाई फॉर्मेशन की एक झलक

काशी: तीन किरण विमान 'वी' आकार के विक फॉर्मेशन में उड़ान भरकर आकाश को तिरंगे के रंगों से सजाते हैं।

वरुणा: थल और वायुसेना के एएलएच मार्क III हेलीकॉप्टर्स द्वारा रस्सी के सहारे जवानों को नीचे उतारने (स्लिदरिंग ऑपरेशन) का रोमांचक प्रदर्शन।

केदार व रुद्र: राफेल और सुखोई-30 एमकेआई विमानों द्वारा कम ऊंचाई पर साहसिक एरोबेटिक करतब।

ओंकार और गंगा: एमआई-17 वी5 हेलीकॉप्टरों द्वारा राष्ट्रीय व वायुसेना ध्वज के साथ उड़ान और चेतक हेलीकॉप्टरों द्वारा पुष्पवर्षा।

त्रिवेद व नटराज: भारतीय नौसेना और वायुसेना के संयुक्त समन्वय को दर्शाते हुए कामोव-31, एएलएच और पी-8आई व मिराज-2000 का शानदार फॉर्मेशन।

विश्वनाथ, पशुपति और नीलकंठ: सुखोई-30, जगुआर (डायमंड फॉर्मेशन) और राफेल विमानों की गर्जना के साथ इस भव्य एयर शो का आसमान में अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है।

गंगा के ऊपर हो रहा यह एयर शो देश की वायु और अंतरिक्ष शक्ति, तकनीकी कौशल और युवाओं में राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत करने का एक ऐतिहासिक माध्यम बन गया है।

About the Author

साहब राम
साहब राम

9447 Articles