दो भाइयों की शादी में जीजा ने लुटाया प्यार, एक-एक करोड़ की नोटों की माला पहनाकर सबको चौंकाया
<strong>मथुरा:</strong> उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में दो भाइयों की शादी से पहले हुई घुड़चढ़ी का एक अनोखा नजारा इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। थाना सुरीर क्षेत्र के गांव नगला फोंदा में चचेरे भाइयों प्रशांत और कान्हा राघव को उनके जीजा योगेश कुमार उर्फ भूरा ठाकुर ने खास तोहफा दिया। जीजा ने दोनों दूल्हों को 500-500 रुपये के नोटों से बनी एक-एक करोड़ रुपये की माला पहनाई। इस तरह दोनों दूल्हों को कुल दो करोड़ रुपये की मालाएं पहनाई गईं।
मालाओं का आकार और वजन इतना ज्यादा था कि उन्हें पहनाना और संभालना आसान नहीं था। इसके लिए कई लोगों की मदद लेनी पड़ी। आखिरकार दोनों दूल्हों को छत पर खड़ा किया गया और फिर उन्हें ये भारी-भरकम मालाएं पहनाई गईं।
मालाओं का वजन इतना कि संभालने के लिए जुटे कई लोग
जानकारी के अनुसार, नगला फोंदा निवासी योगेंद्र सिंह और कुशलपाल सिंह के बेटे प्रशांत और कान्हा राघव की शादी गोवर्धन क्षेत्र के गांव मुड़सेरस की युवतियों से तय हुई थी। शनिवार शाम करीब पांच बजे दोनों की घर निकासी और घुड़चढ़ी का कार्यक्रम होना था।
इस मौके पर उनके जीजा योगेश कुमार उर्फ भूरा ठाकुर ने दोनों के लिए 500 रुपये के नोटों से बनी विशेष मालाएं तैयार करवाई थीं। मालाएं इतनी लंबी और भारी थीं कि उन्हें संभालने के लिए कई लोग एक साथ जुटे। इसी वजह से दूल्हों को छत पर खड़ा करके मालाएं पहनाई गईं।
घुड़चढ़ी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
इस अनोखे आयोजन का वीडियो ग्रामीणों और रिश्तेदारों ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। इसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा। दो दूल्हों को एक-एक करोड़ रुपये की नोटों की माला पहनाए जाने की घटना को लेकर इंटरनेट मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है।
किसान नेता महावीर स्वामी के भतीजे हैं दोनों दूल्हे
बताया जा रहा है कि प्रशांत और कान्हा राघव किसान नेता महावीर स्वामी के भतीजे हैं। दोनों की शादी के दौरान हुई इस अनोखी घुड़चढ़ी को देखने के लिए लोगों में काफी उत्सुकता रही। जीजा की ओर से दिए गए इस खास तोहफे और मालाओं की भव्यता ने पूरे आयोजन को चर्चा में ला दिया।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को देखकर लोग इस अनोखे शादी समारोह पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
