छठ पूजा 2026: 13 नवंबर से नहाय-खाय के साथ होगी शुरुआत, 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य देकर होगा समापन; जानें पूरा शेड्यूल
<strong>प्रयागराज। </strong>लोक आस्था के महापर्व डाला छठ का पावन पर्व अब बेहद निकट है, और व्रती महिलाओं ने अभी से इसकी तैयारियों में पूरे उत्साह के साथ जुट जाना शुरू कर दिया है। पर्व की शुरुआत आगामी शुक्रवार, 13 नवंबर को पारंपरिक 'नहाय-खाय' के साथ होगी।
कार्तिक शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि पर व्रती महिलाएं नए वस्त्र धारण कर छठी मइया का ध्यान करेंगी और व्रत के निर्विघ्न व सकुशल पूर्ण होने की कामना के साथ सात्विक शाकाहारी भोजन ग्रहण करेंगी। इसके साथ ही अगले चार दिनों तक पूरे घर में पूर्ण पवित्रता और अनुशासन का माहौल रहेगा, जिसके तहत घर का कोई भी सदस्य लहसुन, प्याज, मांस या मदिरा का सेवन नहीं करेगा।
<strong>16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का पारण </strong>
नहाय-खाय के बाद 14 नवंबर को खरना होगा। फिर 15 नवंबर को डाला छठ का मुख्य दिन है। इसमें डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा, फिर 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का पारण किया जाएगा। डाला छठ पर महिलाएं बच्चों व परिवार की सुख-समृद्धि, शांति व लंबी आयु के लिए 36 घंटे का निर्जला व्रत रखकर पूजन करती हैं। षष्ठी तिथि पर डूबते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद कुछ व्रती महिलाएं घर आकर रातभर जागरण करती हैं। कुछ श्रद्धालु घाट पर ही जागरण करते हैं। सप्तमी तिथि पर सुबह ब्रह्म मुहूर्त में सूप में पकवान, नारियल, केला, मिठाई भरकर उगते सूर्य को अर्घ्य देती हैं।
<strong>त्रेता युग से चल रही परंपरा </strong>
ज्योतिषों के अनुसार डाला छठ व्रत की परंपरा त्रेता युग से चली आ रही है। हर दौर में व्रत के प्रति लोगों की आस्था बढ़ती गई। भगवान श्रीराम सूर्यवंशी थे। इसी कारण लंका विजय करके अयोध्या आने पर उन्होंने अपने कुलदेवता सूर्यदेव की उपासना की थी। माता सीता ने षष्ठी तिथि पर व्रत रखकर सरयू नदी में डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया था, जबकि श्रीराम ने सप्तमी तिथि पर उगते सूर्य को अर्घ्य दिया था।
<strong>डाला छठ को लेकर महाभारत में वर्णित कथा </strong>
उन्होंने बताया कि महाभारत में वर्णित कथा के अनुसार अंगराज कर्ण कुंती व सूर्यदेव के पुत्र थे। सूर्य की नियमित उपासना कर्ण करते थे। वह षष्ठी व सप्तमी तिथि पर विशेष उपासना करते थे। अपने राजा की सूर्यभक्ति से प्रभावित होकर वहां के समस्त नागरिक सूर्य की उपासना करने लगे। वहीं, जब पांडव राजपाठ गंवाकर वन-वन भटक रहे थे। तब द्रोपदी व कुंती ने छठी मइया का व्रत रखकर पूजा किया था।
