BMW को भी मात देते हैं ये घोड़े! बटेश्वर मेले में बादल और चेतक की कीमत सुनकर रह जाएंगे हैरान

BMW को भी मात देते हैं ये घोड़े! बटेश्वर मेले में बादल और चेतक की कीमत सुनकर रह जाएंगे हैरान
 

<strong>बटेश्वर (आगरा)। </strong>महंगी गाड़ियों के दौर में घोड़ों की कीमत सुनकर आप चौंक सकते हैं। उत्तर भारत के प्रसिद्ध 'बटेश्वर पशु एवं लोक मेले' में घोड़ों की आवक शुरू होने से पशु बाजार में चहल-पहल बढ़ गई है।

मेले का औपचारिक उद्घाटन होने में अभी छह दिन बाकी हैं, लेकिन देशभर के व्यापारी अपनी बेशकीमती नस्लों के साथ बटेश्वर पहुंचने लगे हैं।

बता दें कि इस बार मेले में 'बादल' और 'चेतक' नाम के दो घोड़े खास चर्चा में हैं, जिनकी कीमत मालिकों द्वारा 3-3 करोड़ रुपये बताई जा रही है। यह कीमत बीएमडब्ल्यू और मर्सिडीज जैसी लग्जरी कारों से भी अधिक है। अब देखना यह होगा कि इस शुरुआती कीमत पर खरीदार कितनी बोली लगाते हैं।

इसी के चलते अलीगढ़ के भारद्वाज स्टड फार्म के संचालक एवं वर्तमान में एत्मादपुर आगरा निवासी कमल कांत त्यागी अपने दो खास घोड़ों को लेकर मेले में आए हैं।

उनके अनुसार सफेद रंग का 36 महीने का बादल गुलजार लाइन नस्ल का है। इसकी ऊंचाई 67 इंच बताई गई है। वहीं काले रंग का 30 माह का चेतक मारवाड़ी नस्ल का घोड़ा है। दोनों की कीमत उन्होंने तीन-तीन करोड़ रुपये बताई है।

उनका कहना है कि मेले में इनसे बेहतर घोड़ा दिखाने वाले को उचित इनाम दिया जाएगा। बादल और चेतक को देखने के लिए पशु प्रेमियों और घोड़ा व्यापारियों की भारी भीड़ लग रही है।

वैसे तीन करोड़ रुपये की कीमत पर कोई खरीदार सामने आता है या नहीं और इनकी बोली कहां तक पहुंचती है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।

कीमत का दावा फिलहाल मालिक का लगाया हुआ है, बाजार में इसकी असल परख खरीदार की बोली से ही होगी। दूसरी तरफ राजस्थान समेत विभिन्न क्षेत्रों से ऊंट व्यापारी भी अपने पशुओं के साथ पहुंच रहे हैं।

पशु व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस मेला क्षेत्र में घूम रही है। व्यापारियों को अनजान लोगों से सतर्क रहने और खानपान व लेनदेन में सावधानी बरतने की हिदायत दी जा रही है।

About the Author

Atal Hind Team Online
Atal Hind Team Online

9447 Articles