Free Ration Update: अब इन लोगों को नहीं मिलेगा मुफ्त राशन! वाहन लोन लेने वालों के राशन कार्ड की होगी जांच, कट सकता है नाम
गोरखपुर। मुफ्त राशन लेने वाले 50 हजार से अधिक लाभार्थियों के राशन कार्डों का सत्यापन होने जा रहा है। इनमें से कई लाभार्थियों ने लोन लेकर गाड़ी खरीदी है, तो कई ने खेत या मकान खरीदा है। इसके अलावा, कई राशन कार्डधारकों के परिवार की आय निर्धारित सीमा से अधिक हो चुकी है और कुछ ऐसे भी हैं जो आयकर देने के बावजूद मुफ्त राशन का लाभ उठा रहे हैं। इनमें कुछ अंत्योदय कार्डधारक भी शामिल हैं।
जिला पूर्ति विभाग इसी महीने इन लाभार्थियों का सत्यापन कराएगा, जिसके बाद अपात्र पाए जाने वाले कार्डों का निरस्त होना तय है। इनके हटने से वास्तविक पात्र लोगों के नए राशन कार्ड बनने का रास्ता साफ हो जाएगा।
गौरतलब है कि आधार कार्ड के डेटा के माध्यम से राशन कार्ड तैयार किया जाता है, जिससे लाभार्थी के बैंक खाते के ब्योरे के साथ ही आय-व्यय की पूरी जानकारी मिल जाती है। यदि किसी लाभार्थी ने लोन लिया है या कार, जमीन व मकान खरीदा है, तो आधार नंबर के जरिए सभी डेटा का मिलान ऑटोमैटिक हो जाता है। इसी आधार पर ऐसे लाभार्थियों को संदिग्ध की श्रेणी में डालकर उनकी जांच कराई जाती है।
एक लाख से ज्यादा कार्ड हो चुके हैं निरस्त
हाल के कुछ वर्षों में जिला पूर्ति विभाग अपात्र मिलने पर एक लाख से ज्यादा राशनकार्ड निरस्त कर चुका है। इनकी जगह पात्रों को मौका मिला है।
जिले में कार्डधारकों व लाभार्थियों की संख्या
योजना / श्रेणी कार्डधारक लाभार्थी
अन्त्योदय कार्ड 1,26,392 4,48,231
पात्र गृहस्थी 6,82,604 27,20,796
कुल 8,08,996 31,69,027
- यह हो जाते हैं अपात्र
उच्च आय: ग्रामीण क्षेत्रों में वार्षिक पारिवारिक आय दो लाख रुपये और शहरी क्षेत्रों में तीन लाख रुपये से अधिक होने पर व्यक्ति अपात्र होता है।
महंगी संपत्ति और वाहन: यदि परिवार के पास चार पहिया वाहन (कार, ट्रैक्टर), एयर कंडीशनर या बड़ा जनरेटर है तो वह अपात्र हो जाते हैं।
भूमि और आवास: लाभार्थी के पास 100 वर्ग मीटर से अधिक का प्लाट, फ्लैट या पक्का मकान है, तो वह अपात्र माने जाते हैं।
सरकारी नौकरी और टैक्स: यदि परिवार का कोई सदस्य सरकारी नौकरी में है या वह आयकर भरता है, तो उसे राशनकार्ड नहीं मिल सकता।
लाइसेंस: एक से अधिक लाइसेंसी हथियार रखने वाले व्यक्ति भी राशनकार्ड के लिए अपात्र हैं।
50 हजार से ज्यादा राशनकार्डधारकों का सत्यापन किया जाना है। इनका डाटा भारत सरकार से मिला है। अपात्र मिलने पर राशनकार्ड निरस्त कर दिया जाएगा। अपात्र होने के बाद भी राशन लेने वालों को कार्ड सरेंडर कर देना चाहिए। इससे जरूरतमंदों को योजना का लाभ दिया जा सकेगा।
-अजय प्रताप सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी