नारनौल में वर्क फ्रॉम होम का झांसा देकर 7.13 लाख रुपये की साइबर ठगी, जोधपुर से आरोपी गिरफ्तार

नारनौल में वर्क फ्रॉम होम का झांसा देकर 7.13 लाख रुपये की साइबर ठगी, जोधपुर से आरोपी गिरफ्तार

नारनौल पुलिस ने वर्क फ्रॉम होम के नाम पर कमाई का झांसा देकर टेलीग्राम टास्क के जरिए सात लाख 13 हजार रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में राजस्थान के जोधपुर से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मानपुरा, जोधपुर निवासी विक्रम के रूप में हुई है। पुलिस अब साइबर ठगी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।

व्हाट्सऐप संदेश से शुरू हुआ ठगी का खेल

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक फैजल खान ने शुक्रवार को बताया कि इस संबंध में चरखी दादरी के बरसाना निवासी आनंद ने साइबर थाना नारनौल में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार जुलाई 2024 में आनंद के व्हाट्सऐप पर एक अज्ञात नंबर से वर्क फ्रॉम होम के जरिए घर बैठे कमाई करने का संदेश आया था। आनंद ने जब इसमें रुचि दिखाई तो उसे करीब एक हजार रुपये निवेश कर ऑनलाइन टास्क पूरा करने के लिए कहा गया। टास्क पूरा करने के बाद उसके खाते में करीब 1300 रुपये वापस भेजे गए। इससे शिकायतकर्ता का आरोपियों पर विश्वास बढ़ गया। इसके बाद उसे एक टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ दिया गया।

टेलीग्राम ग्रुप के जरिए की गई ठगी और आरोपी की गिरफ्तारी

पुलिस के अनुसार, टेलीग्राम ग्रुप में लगातार नए-नए ऑनलाइन टास्क दिए जाने लगे। आरोपियों ने अधिक मुनाफे का लालच देकर शिकायतकर्ता से धीरे-धीरे निवेश की राशि बढ़वा ली। शुरुआत में कुछ रकम वापस करके उसका विश्वास कायम रखा गया। इसके बाद अलग-अलग टास्क और निवेश के नाम पर उससे कुल सात लाख 13 हजार पांच सौ 24 रुपये की ठगी कर ली गई। मामले की जांच के दौरान साइबर थाना नारनौल पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सबूतों के आधार पर आरोपी विक्रम की पहचान की। इसके बाद पुलिस टीम ने जोधपुर पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर गिरोह में शामिल अन्य लोगों और उनकी भूमिका का पता लगाने में जुटी है।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment