दानोदा खुर्द में जल संरक्षण अभियान के तहत मुख्य पाइप लाइन से काटे 7 अवैध कनेक्शन और 10 को दिए नोटिस

नरवाना में जल संरक्षण अभियान के तहत गांव दानोदा खुर्द में मुख्य पाइप लाइन से 7 अवैध कनेक्शन मौके पर ही काट दिए गए हैं। इस अभियान का संचालन उपमंडल अभियंता कुलदीप कोहाड़, कनिष्ठ अभियंता पवन कुमार और बीआरसी सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में किया गया। कार्रवाई के दौरान कुल 10 उपभोक्ताओं को नोटिस भी जारी किए गए हैं।
अधिकारियों के निर्देश और मौके पर कार्रवाई
उपमंडल अभियंता कुलदीप कुहाड़ ने मौके पर पहुंचकर कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उनका मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि पानी गांव के आखिरी घर तक पहुंच सके। कनिष्ठ अभियंता ने यह निर्देश दिए कि जिन लोगों ने अवैध तरीके से कनेक्शन किए हुए हैं, उनको 7 दिनों का नोटिस दिया जाए। साथ ही, खुले में चल रहे नलों पर टेप लगवाने के लिए लोगों को प्रेरित किया जाए। कनिष्ठ अभियंता पवन कुमार और बीआरसी सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में मेन लाइन से लिए गए 7 अवैध कनेक्शनों को मौके पर ही काटा गया।
घरों का सर्वे और जल जीवन मिशन की जानकारी
बीआरसी सुरेंद्र कुमार ने टीम के साथ मिलकर गांव के 123 घरों का सर्वे किया। उन्होंने उपभोक्ताओं को पानी बचाने और खुली चल रही टूटी पर गेट वाल लगाने के लिए जागरूक किया। लोगों को समझाया गया कि भारत सरकार की मुहिम जल जीवन मिशन, जिसके तहत हर घर को नल से जल मिलना है, तभी सफल होगी जब हर व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी समझेगा। जरूरत का पानी लेने के पश्चात हर व्यक्ति को अपनी टूटी बंद करनी होगी।
नोटिस जारी करने के मुख्य कारण
जल संरक्षण अभियान के तहत कुल 10 घरों को नोटिस जारी किए गए हैं। इनमें से 9 घर ऐसे थे जिनके कनेक्शन पर गेट वाल नहीं लगी हुई थी। 1 कनेक्शन ऐसा था जिस पर न तो गेट वाल थी और वह कनेक्शन गंदी नाली से होकर गुजर रहा था। विभाग ने इस कनेक्शन को भी नोटिस जारी कर 7 दिन का समय दिया है, जिसके बाद विभाग ऐसे कनेक्शनों पर सख्त कार्रवाई करेगा। इस पूरी कार्रवाई के अवसर पर सुपरवाइजर नवीन, प्लंबर, फिटर और पंप ऑपरेटर मौके पर मौजूद रहे।