कैथल में हर घर तिरंगा अभियान के तहत डीसी अपराजिता ने किया तिरंगा प्रदर्शनी का उद्घाटन

कैथल में स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में हर घर तिरंगा अभियान के तहत लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह में तिरंगा प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। डीसी अपराजिता ने इस प्रदर्शनी का उद्घाटन किया और प्रदर्शित सामग्री का अवलोकन किया। इस दौरान देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का उद्देश्य रखा गया।
उद्घाटन के अवसर पर डीसी अपराजिता ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। इसके सम्मान में देश के करोड़ों लोगों की भावनाएं जुड़ी हुई हैं। तिरंगे का प्रत्येक रंग और अशोक चक्र हमें देश की एकता, शांति, त्याग, साहस और निरंतर प्रगति का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि उन महान स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों को नमन करने का दिन भी है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया।
उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी के माध्यम से आमजन को राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के इतिहास, महत्व, गौरव तथा उसके सम्मानपूर्वक उपयोग के बारे में जानकारी दी जा रही है। प्रदर्शनी की सामग्री में नो योर तिरंगा के माध्यम से तिरंगे से जुड़े अनेक रोचक एवं महत्वपूर्ण तथ्य प्रस्तुत किए गए हैं। इसमें भारतीय राष्ट्रीय ध्वज से संबंधित फ्लैग कोड ऑफ़ इंडिया तथा तिरंगे के सम्मान एवं उपयोग से संबंधित नियमों की जानकारी भी दी गई है।
हर घर तिरंगा अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी का आह्वान करते हुए डीसी ने कहा कि प्रत्येक घर पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराकर हम राष्ट्र के प्रति अपनी आस्था और सम्मान प्रकट करते हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की तिरंगा प्रदर्शनी युवा पीढ़ी को राष्ट्र के गौरवशाली इतिहास से जोड़ने और उनमें देशभक्ति की भावना को और मजबूत करने का प्रभावी माध्यम हैं। इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता सुरेंद्र कुमार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
हर घर तिरंगा अभियान के तहत सेक्टर 20 में स्थित ताऊ देवीलाल पार्क में भी तिरंगा प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। सुबह सैर करने आए लोगों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और तिरंगे को लेकर दी गई महत्वपूर्ण जानकारी का अध्ययन किया। लोगों ने तिरंगे में सबसे पहले प्रयोग किए गए तीन रंग और देश की महान हस्तियों द्वारा तिरंगे फहराने सहित तमाम जानकारियों को काफी महत्वपूर्ण बताया और इस आयोजन की सराहना की।
लघु सचिवालय में हर घर तिरंगा अभियान के तहत सेल्फी प्वाइंट स्थापित किया गया है। डीसी अपराजिता ने मंगलवार सुबह सेल्फी प्वाइंट पर सेल्फी खिंचवाई और देशभक्ति का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि तिरंगा प्रदर्शनी और सेल्फी प्वाइंट जैसे प्रयासों से देशभक्ति की भावना को और अधिक मजबूत किया जा सकता है। आमजन हर घर तिरंगा अभियान में अधिक से अधिक सक्रियता से भाग लें।