धर्मपत्नी धर्म देवी का 84 वर्ष की उम्र में निधन, ईशरवाल में नम आंखों से दी अंतिम विदाई

धर्म देवी का निधन, ईशरवाल में नम आंखों से दी अंतिम विदाई
अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स /तोशाम, 26 अगस्त 2026 /विष्णु दत्त शास्त्री
हरियाणा के पूर्व मंत्री स्वर्गीय चौधरी जगन्नाथ की धर्मपत्नी धर्म देवी का आज 84 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनके निधन की खबर से ईशरवाल सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। धर्म देवी के निधन पर सामाजिक, राजनीतिक एवं ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े अनेक लोगों ने गहरा दुख व्यक्त किया और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट कीं।
दिवंगत धर्म देवी का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव ईशरवाल स्थित चौधरी जगन्नाथ स्मृति स्थल पर पूरे सम्मान के साथ किया गया।जहाँ उनके ज्येष्ठ पुत्र जितेन्द्र नाथ ने पार्थिव शरीर को मुखाग्नि दी। वहीं अंतिम संस्कार में भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद धर्मवीर सिंह सहित सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र के गणमान्य लोग और बडी़ संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

उपस्थित लोगों ने बताया कि धर्म देवी का जीवन सादगी, पारिवारिक मूल्यों और सामाजिक सरोकारों से जुड़ा रहा। स्वर्गीय चौधरी जगन्नाथ के साथ मिलकर उन्होंने हमेशा परिवार और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया।उन्होंने शिक्षा विभाग में बतौर मुख्य अध्यापिका भी अपनी सेवाएं प्रदान की।
इस मौके पर सांसद धर्मवीर सिंह ने शोक जताते हुए इसे एक अपूरणीय क्षति बताया और कहा कि उनके निधन से परिवार के साथ-साथ क्षेत्र ने भी एक सम्मानित व्यक्तित्व को खो दिया है। अंतिम संस्कार में सोमवीर सिंह चेयरमैन, सूरजभान, प्रदीप बंसल ईशरवाल, बेअंत सिंह, सरपंच उमेद कादियान, मा. फूलचंद शर्मा, मा. विजयपाल, दलबीर मैनेजर, सुबे सिंह, कर्णसिंह, डॉ. अमित जांगडा, मुकेश बीडीसी आदि सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।