धर्मपाल टांक दनौदा बने संत नामदेव सभा हरियाणा के प्रदेश सचिव, कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने दी बधाई

धर्मपाल टांक दनौदा बने संत नामदेव सभा हरियाणा के प्रदेश सचिव,
कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा व प्रदेश अध्यक्ष सतबीर वर्मा सहित गणमान्य लोगों ने दी बधाई
नरेंद्र जेठी/नरवाना /02 सितंबर 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
धर्मपाल टांक दनौदा को संत नामदेव सभा हरियाणा का प्रदेश सचिव नियुक्त किया गया है। नरवाना से विनय जेठी की रिपोर्ट के अनुसार, संत नामदेव सभा हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष सतबीर वर्मा ने वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता धर्मपाल टांक दनौदा को संगठन में यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। इस नियुक्ति के अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष सतबीर वर्मा ने संत नामदेव समाज यानी टांक-रोहिल्ला समाज के गौरवशाली इतिहास और समृद्ध सामाजिक विरासत पर विशेष रूप से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संत शिरोमणि नामदेव जी ने समाज को समानता, सद्भाव और भक्ति का अमर मार्ग दिखाया है। उन्होंने यह भी कहा कि टांक-रोहिल्ला समाज ने सदैव मेहनत, ईमानदारी और राष्ट्र निर्माण में अपनी अमूल्य भूमिका निभाई है। लेकिन वर्तमान परिप्रेक्ष्य में समाज को संगठित, जागरूक और शैक्षिक रूप से और अधिक सशक्त बनाने की अत्यंत आवश्यकता है।
संगठन को मजबूत करने का उद्देश्य
प्रदेश अध्यक्ष सतबीर वर्मा ने स्पष्ट किया कि धर्मपाल टांक जैसे अनुभवी, समर्पित और जुझारू व्यक्तित्व को प्रदेश सचिव की कमान सौंपने का मुख्य उद्देश्य यही है कि संगठन की जड़ें ग्रामीण स्तर तक मजबूत हों। इसके साथ ही पूरे हरियाणा में टांक-रोहिल्ला समाज के हकों और कल्याण के लिए ठोस कार्य किए जा सकें। धर्मपाल टांक का सामाजिक और प्रशासनिक अनुभव अत्यंत समृद्ध रहा है। वे पूर्व में संत नामदेव सभा हिसार में वरिष्ठ सलाहकार के रूप में कई वर्षों तक उत्कृष्ट सेवाएं दे चुके हैं। इसके अतिरिक्त उन्होंने मलेरिया विभाग में लगभग 20 वर्षों तक निष्ठापूर्वक कार्य किया है। इस दौरान उन्होंने जन-स्वास्थ्य और जन-सेवा के क्षेत्र में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। ग्रामीण स्तर पर भी उनकी मजबूत सामाजिक साख रही है। इसी के चलते गांव दनौदा के बैकवर्ड समाज द्वारा उन्हें सर्वसम्मति से निर्विरोध ग्राम पंचायत सदस्य भी चुना गया था। वे लंबे समय से नामदेव समाज के उत्थान और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के लिए निरंतर सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं।
गणमान्य लोगों ने दी बधाई
हरियाणा के कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने धर्मपाल टांक को प्रदेश सचिव बनने पर हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने कहा कि वे सदैव समाज हित के कार्यों में अग्रणी पंक्ति में खड़े रहते हैं। उन्होंने पूर्ण विश्वास व्यक्त किया कि धर्मपाल टांक समाज को एकजुट करने और संत नामदेव के उच्च विचारों को जन-जन तक पहुंचाने में अपनी अग्रणी भूमिका निभाएंगे। नियुक्ति की सूचना मिलते ही बधाई देने वालों का तांता लग गया। बधाई देने वाले प्रमुख लोगों में खाप प्रधान रघबीर नैन, मार्केटिंग बोर्ड के वाइस चेयरमैन सतप्रकाश सैनी, धूप सिंह सरोया, ज्ञानीराम सरोया, प्रीतम सिंह अग्रोहिया, हंसराज समैण, प्राचार्य डॉ0 भूप सिंह, सतपाल सैन, डॉ0 अमित सैन, डॉ0 प्रदीप नैन, करण सिंह पंवार, एसएचओ रोशनलाल, डीएसपी दलीप सिंह, डॉ0 लोकेश, डॉ0 अंकित, सरोवर खान, चांद बहादुर, सुरेश नैन, प्रदीप जागलान, मेहर सिंह नैन, मुख्तयार सिंह धमतान, राजेश टांक और संजय टांक सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग शामिल रहे। अपनी इस महत्वपूर्ण नियुक्ति पर धर्मपाल टांक ने प्रदेश अध्यक्ष सतवीर वर्मा, कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा और समस्त समाज का आभार प्रकट किया। इसके साथ ही उन्होंने पूरी निष्ठा और लगन के साथ समाज सेवा करने का अपना संकल्प दोहराया।