दिग्विजय चौटाला ने कहा- गुजरात का डीएनए व्यापारियों का है, खिलाड़ियों का नहीं, सरकार दे मूलभूत सुविधाएं

जननायक जनता पार्टी के युवा प्रदेशाध्यक्ष दिग्विजय चौटाला ने तोशाम में बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि भाजपा सरकार से देश और प्रदेश का हर वर्ग दुखी है। किसान, मजदूर, युवा और खिलाड़ी सभी का शोषण हो रहा है। दिग्विजय चौटाला ने क्षेत्र के गांव दिनोद पहुंचकर कॉमनवेल्थ गेम्स की ब्रांज मेडलिस्ट सीमा कालीरमण को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि कॉमनवेल्थ खेलों की मेजबानी गुजरात को देने की बजाय हरियाणा को देनी चाहिए थी। इससे भविष्य के खिलाड़ियों की पौध तैयार हो सकती थी। उन्होंने कहा कि गुजरात के लोगों का डीएनए खिलाड़ियों की बजाय व्यापारियों का है। गुजरात के व्यापारी हरियाणा से बेहतर हो सकते हैं, लेकिन खिलाड़ी नहीं। सरकार को हरियाणा के खिलाड़ियों को मूलभूत सुविधाएं देनी चाहिए।
हांसी में ग्रामीणों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर दिग्विजय सिंह चौटाला ने बड़ी बात कही है। उन्होंने कहा कि जब पुलिस ने ऐसी ही गुंडागर्दी दुष्यंत चौटाला के साथ और जेजेपी कार्यकर्ताओं के साथ हिसार में की थी, तब लोगों ने इसे राजनीतिक मामला समझ लिया था। दुष्यंत के साथ गुंडागर्दी करने वाले पुलिस इंस्पेक्टर को खाप ने सम्मानित किया था। अगर लोग तब भाजपा के षड्यंत्र को समझ जाते, तो हांसी में लाठीचार्ज जैसी घटना नहीं होती। आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि हमारी इच्छा है कि डॉ. अजय सिंह चौटाला भिवानी से लोकसभा चुनाव लड़ें। लोग जेजेपी से नाराज हो सकते हैं, लेकिन डॉ. अजय चौटाला से लोगों का दिल से जुड़ाव है। डॉ. अजय चौटाला चुनाव लड़ेंगे तो लोग उन्हें पलकों पर बैठाकर भारी बहुमत से जिताएंगे।
भाजपा विधायक रामकुमार गौतम को लेकर दिग्विजय ने कहा कि अब टायर्ड और रिटायर्ड नेताओं की बजाय युवाओं को राजनीति में आगे आना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा क्षेत्रीय दलों को खत्म कर रही है और लोगों में इस बात को लेकर भारी रोष है। इसी कारण दिल्ली में इतना बड़ा प्रदर्शन देखने को मिला। केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह की नाराजगी पर दिग्विजय सिंह ने कहा कि मजबूत वही होता है जो मजबूती से फैसला ले। बुधवार को तोशाम आगमन पर दिग्विजय सिंह चौटाला के नेतृत्व में जजपा को भारी जनसमर्थन मिला। अनेक लोगों ने जजपा में आस्था जताई। पार्टी में शामिल हुए नए लोगों को दिग्विजय चौटाला ने पार्टी का पटका पहनाकर भरपूर मान-सम्मान देने का वादा किया। बुधवार को गांव कोहाड से मनेन्द्र और अमित तंवर जजपा में शामिल हुए। इसके अलावा ओमप्रकाश जटासरा, संजय जटासरा, हवासिंह सांगवान, विजय सिंह, कमल सिंह और अनूप ने भाजपा छोड़कर जजपा में अपनी आस्था व्यक्त की। इस अवसर पर पार्टी के कई प्रमुख नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
तोशाम क्षेत्र में भोजराजिया एसएचओ के नाम से प्रसिद्ध और पुलिस विभाग में टिंकू जनाब के रूप में पहचाने जाने वाले गांव डाडम निवासी सेवानिवृत्त एसएचओ अमर सिंह कांटीवाल का निधन हो गया है। वह गत 13 अगस्त को अपनी सांसारिक यात्रा पूर्ण करके भगवान के चरणों में विलीन हो गए। उनके निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। गांव डाडम के सरपंच बिजेन्द्र उर्फ थोलू, वजीर डाडम, पूर्व सरपंच रामफल और एडवोकेट सत्यवान श्योराण सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। पूर्व एसएचओ अमर सिंह कांटीवाल 80 वर्ष के थे। उन्होंने पुलिस विभाग में अपनी सेवा के दौरान करीब 38 थानों में बतौर एसएचओ कार्य किया था। वह राज्य सतर्कता ब्यूरो हिसार मंडल के निरीक्षक भी रह चुके थे। उन्होंने अपनी सेवाकाल के दौरान हमेशा ईमानदारी से कार्य किया। उन्होंने आमजन को न्याय दिलाते हुए कानून व्यवस्था बनाए रखने में यथासंभव सहयोग किया। अमर सिंह कांटीवाल समाज, विभाग, परिवार और रिश्तेदारी में हमेशा सबके चहेते रहे हैं। उनके निधन से सभी को गहरा दुख हुआ है।