10 अगस्त के देशभर जेल भरो आंदोलन में कूदी डीवाईएफआइ, राज्य सचिव नरेश दनौदा ने किया ऐलान

भारत की जनवादी नौजवान सभा (DYFI) की राज्य कमेटी ने 10 अगस्त को आयोजित होने वाले देशव्यापी जेल भरो आंदोलन को सफल बनाने का आह्वान किया है। इस संबंध में राज्य सचिव नरेश दनौदा ने आधिकारिक तौर पर ऐलान किया है। यह आंदोलन भारत छोड़ो आंदोलन की 84वीं वर्षगांठ पर कारपोरेट साम्राज्यवाद, भारत छोड़ो के आह्वान पर किया जा रहा है।
कारपोरेट और सांप्रदायिक ताकतों पर गंभीर आरोप
राज्य कमेटी के नेताओं ने कहा कि आज देश में कारपोरेट और सांप्रदायिक ताकतों का गठजोड़ लोकतांत्रिक व्यवस्था, संविधान, सामाजिक सद्भाव तथा आम जनता के अधिकारों के लिए एक गंभीर चुनौती बना हुआ है। कृषि, उद्योग, शिक्षा और रोजगार सहित हर क्षेत्र में नीतियां बड़े कारपोरेट घरानों के पक्ष में बनाई जा रही हैं।
युवाओं और नौजवानों के अधिकारों के लिए संघर्ष का आह्वान
राज्य कमेटी ने स्पष्ट किया कि बेरोजगारी, महंगी शिक्षा, श्रमिकों के अधिकारों पर हमले और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ के खिलाफ नौजवानों को संगठित होकर संघर्ष करना होगा। राज्य प्रधान मुकेश कुमार ने आरोप लगाया कि सरकार जनहित के सवालों को हल करने के बजाय आंदोलनरत युवाओं, किसानों और मजदूरों की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांग उठाने वाले लोगों पर दमन किसी भी रूप में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
जेल भरो आंदोलन में शामिल होने की अपील
डीवाईएफआई ने प्रदेश के सभी नौजवानों और लोकतांत्रिक विचार रखने वाले नागरिकों से अपील की है कि वे 10 अगस्त के जेल भरो आंदोलन में भारी संख्या में भाग लें। इस आंदोलन के जरिए कारपोरेट-सांप्रदायिक गठजोड़ के खिलाफ अपनी आवाज को पूरी मजबूती से बुलंद किया जाएगा।