लाडवा के अर्ली स्टेप प्री स्कूल में धूमधाम से मनाया गया राखी पर्व, बच्चों ने बांधी राखी

अर्ली स्टेप प्री स्कूल में गूंजा भाई-बहन के स्नेह का संदेश
नन्हे भाइयों ने बहनों को दिए उपहार, बहनों ने भाइयों की कलाई पर बांधी राखी
मानव गर्ग/लाडवा /27 अगस्त 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
लाडवा के महावीर कॉलोनी स्थित अर्ली स्टेप प्री स्कूल में राखी पर्व धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। पर्व को लेकर स्कूल परिसर में विशेष रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने बढ़-चढक़र भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान पूरा विद्यालय परिसर भाई-बहन के प्रेम, स्नेह और अपनत्व के भाव से सराबोर नजर आया।
घरों से सुंदर उपहार लेकर पहुंचे बच्चे
स्कूल प्राचार्या सोनिया गोयल ने बताया कि राखी पर्व को लेकर स्कूल में पढऩे वाले छोटे-छोटे बच्चे अपने घरों से बहनों के लिए सुंदर उपहार लेकर पहुंचे। वहीं छात्राएं भी अपने भाइयों के लिए आकर्षक राखियां लेकर आईं। बच्चों में पर्व को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। जैसे ही राखी बांधने का कार्यक्रम शुरू हुआ, छात्राओं ने अपने सहपाठी भाइयों की कलाई पर राखी बांधी। छात्राओं ने भाइयों को मिठाई खिलाकर भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का संदेश दिया। भाइयों ने भी अपनी बहनों को उपहार देकर उनके प्रति अपने स्नेह का इजहार किया।
रंगारंग कार्यक्रम और राखी का महत्व
इस अवसर पर स्कूल परिसर में आयोजित रंगारंग कार्यक्रम में बच्चों ने विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से राखी पर्व की खुशी साझा की। नन्हे बच्चों की मासूम मुस्कान और उत्साह ने कार्यक्रम को और भी यादगार बना दिया। शिक्षकों ने बच्चों को राखी पर्व के महत्व और भाई-बहन के रिश्ते की विशेषता के बारे में जानकारी दी। स्कूल की प्राचार्य सोनिया गोयल ने बच्चों को राखी पर्व के बारे में विस्तार से बताते हुए कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के बीच प्रेम, विश्वास, स्नेह और एक-दूसरे की सुरक्षा की भावना का प्रतीक है। उन्होंने बच्चों को समझाया कि भाई-बहन का रिश्ता जीवन के सबसे खूबसूरत रिश्तों में से एक है और हमें हमेशा एक-दूसरे का सम्मान एवं सहयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के पर्व और विद्यालय में आयोजित होने वाली गतिविधियां बच्चों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ उनमें आपसी प्रेम, सहयोग और सामाजिक मूल्यों की भावना भी विकसित करती हैं। कार्यक्रम के अंत में बच्चों और शिक्षकों ने मिलकर राखी पर्व की खुशियां साझा की और एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं।