अर्जेंटीना की फिल्म 'द रिवर ट्रेन' ने सिल्वर पीकॉक-स्पेशल जूरी अवार्ड जीता

जूरी ने नए प्रयोगों और अनोखी कहानी कहने के अंदाज के जरिए सिनेमा की सीमाओं का विस्तार करने के लिए इस फिल्म की सराहना की
 
अर्जेंटीना की फिल्म 'द रिवर ट्रेन' ने सिल्वर पीकॉक-स्पेशल जूरी अवार्ड जीता

लोरेंजो फेरो और लुकास ए. विग्नाले द्वारा निर्देशित अर्जेंटीना की फिल्म द रिवर ट्रेन ने 57वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) में सिल्वर पीकॉक स्पेशल जूरी अवार्ड जीत लिया है। यह पुरस्कार गोवा के मुख्यमंत्री श्री प्रमोद सावंत ने प्रदान किया। इस अवसर पर सूचना और प्रसारण मंत्रालय के सचिव श्री चंचल कुमार और महोत्सव निदेशक श्री आशुतोष गोवारिकर भी मौजूद थे।

फिल्म की अनूठी सिनेमाई अभिव्यक्ति को सराहते हुए, जूरी ने कहानी कहने के इसके प्रयोगात्मक दृष्टिकोण और एक बच्चे के नजरिए से सिनेमा की संभावनाओं को तलाशने की इसकी क्षमता की प्रशंसा की। जूरी के प्रशस्ति-पत्र में निर्देशकों द्वारा सिनेमा की पारंपरिक सीमाओं को आगे बढ़ाने के साहस का उल्लेख करते हुए कहा गया:

"एक बच्चे की नजर से सिनेमा को एक खेल के मैदान में बदलने और नए प्रयोगों के जरिए सिनेमाई सीमाओं का विस्तार करने के लिए, हम दोनों निर्देशकों की दूरदर्शी सोच और लुकास ए. विग्नाले की स्मृति को सम्मानित करते हैं।"

निर्देशकों की ओर से यह पुरस्कार निर्माता वैलेंटाइन टोरे और अभिनेत्री रीटा पॉल्स ने ग्रहण किया। समारोह के दौरान सह-निर्देशक लुकास ए. विग्नाले को भी श्रद्धांजलि दी गई और फिल्म में उनके रचनात्मक योगदान को याद किया गया।

स्पेशल जूरी अवार्ड मुख्य अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शामिल किसी ऐसी फिल्म को दिया जाता है, जो अपनी कलात्मक उपलब्धि और विशिष्ट सिनेमाई अभिव्यक्ति के लिए जानी जाती है। इस पुरस्कार में सिल्वर पीकॉक, एक प्रमाण-पत्र और 20 लाख रुपये की नकद राशि शामिल है।

द रिवर ट्रेन का सारांश

नौ साल का माइलो अर्जेंटीना के एक दूर-दराज के गांव में रहता है, जहां वह मलामबो नृत्य के प्रशिक्षण से जुड़ा है। लेकिन उसके सपने कुछ और ही हैं। वह ट्रेनों में सफर करना चाहता है और ब्यूनस आयर्स शहर को देखना चाहता है, एक ऐसा शहर जिसे उसने अब तक सिर्फ फिल्मों में ही देखा है। अपनी छोटी सी दुनिया से बाहर निकलने के लिए, उसे एक नए सफर पर निकलने का साहस जुटाना होगा: एक ऐसा सफर, जो अकेलेपन से भरा है।

रिवर ट्रेन की प्रेस कॉन्फ्रेंस का लिंक

About the Author

Atal Hind
Atal Hind atalhind@gmail.com

74 Articles

अटल हिंद (Atal Hind) भारत और दुनिया भर की सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय खबरों को आप तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध एक अग्रणी डिजिटल समाचार प्लेटफ़ॉर्म है। हमारा उद्देश्य पाठकों को न केवल खबरों से अपडेट रखना है, बल्कि उन्हें देश-दुनिया में हो रहे महत्वपूर्ण बदलावों का सही और गहरा विश्लेषण प्रदान करना भी है।