AI Shopping Agents: अब ChatGPT, Amazon और Gemini करेंगे आपकी ऑनलाइन शॉपिंग आसान, सस्ता मिलते ही होगा ऑर्डर!
अब शॉपिंग के मामले में AI आपकी पसंद का सामान ढूंढेगा, उसे कार्ट में जोड़ेगा और आपकी तरफ से पेमेंट करके ऑर्डर भी प्लेस कर सकेगा। इसके लिए कंपनियां ऐसे AI एजेंट्स तैयार कर रही हैं, जिन्हें यूजर्स अपनी जरूरतें और स्पेंडिंग लिमिट बताकर खरीदारी की जिम्मेदारी सौंप सकते हैं।
OpenAI, Google और Amazon जैसी दिग्गज कंपनियां इस दिशा में काम कर रही हैं। कुछ सर्विसेज में ये AI एजेंट्स शॉपिंग की पूरी प्रक्रिया खुद संभाल सकते हैं, जबकि कुछ में अंतिम पेमेंट से पहले यूजर का अप्रूवल जरूरी होता है। फिलहाल अमेरिका में ऐसी सुविधाएं शुरू हो चुकी हैं और भारत में भी UPI के जरिए AI से पेमेंट की सुविधा शुरू करने के लिए ट्रायल चल रहे हैं।
ChatGPT और Gemini जैसे प्लेटफॉर्म्स पर ऑनलाइन शॉपिंग का तरीका
ChatGPT: एजेंट की मदद से शॉपिंग, भारत में 'Try On' फीचर
OpenAI ने 13 नवंबर को ChatGPT Wallet लॉन्च किया है, जिसके जरिए यूजर्स अपने कार्ड लिंक कर सकते हैं और ChatGPT के Agent Dots की मदद से खरीदारी कर सकते हैं। फिलहाल अमेरिका में 18 साल से अधिक उम्र के ChatGPT Pro यूजर्स इसका इस्तेमाल कर सकते हैं।
वहीं, भारत में ChatGPT पर Shopify से जुड़े ऑनलाइन स्टोर्स के प्रोडक्ट्स सर्च किए जा सकते हैं। यहां कपड़ों और एक्सेसरीज पर 'Try on' का विकल्प भी मिलता है। इसे चुनकर यूजर्स अपनी सेल्फी या फोटो अपलोड कर सकते हैं, जिसके बाद ChatGPT उस तस्वीर में प्रोडक्ट को पहने हुए दिखाता है।
Gemini: सामान ढूंढने से लेकर चेकआउट तक मददगार
Google के Gemini के टास्क फीचर में यूजर्स अपनी जरूरतें और शर्तें बता सकते हैं, जिसके बाद यह प्रोडक्ट सर्च करने से लेकर कार्ट में जोड़ने और चेकआउट तक की पूरी प्रक्रिया संभालता है। अमेरिका में इसके लिए Google Pay में सेव किए गए Visa और Mastercard से पेमेंट की सुविधा दी गई है। सुरक्षा के लिहाज से यूजर्स पेमेंट से पहले अप्रूवल मांगने का विकल्प चुन सकते हैं और अपनी स्पेंडिंग लिमिट भी तय कर सकते हैं।
भारत में भी ये ऑप्शन्स
भारत में Gemini सामान ढूंढने और कार्ट तक पहुंचने में मदद कर सकता है, लेकिन पेमेंट यूजर को खुद ही करना होगा।
Amazon: ऑटो-बाय फीचर, दाम गिरते ही अपने-आप करेगा ऑर्डर
Amazon के AI शॉपिंग असिस्टेंट में एक Auto-buy फीचर दिया गया है। इसमें यूजर्स किसी प्रोडक्ट की मनचाही कीमत या जरूरी डिस्काउंट सेट कर सकते हैं। जैसे ही कीमत तय लिमिट तक पहुंचती है, AI ऑर्डर प्लेस कर देता है। अमेरिका में प्रोडक्ट अपने-आप कार्ट में जुड़ जाता है और सेव किए गए कार्ड से पेमेंट भी हो जाता है। किसी प्रोडक्ट के लिए ऑटो-बाय ट्रैकर छह महीने तक एक्टिव रहता है।
भारत में भी ये ऑप्शन्स
भारत में आप प्रोडक्ट्स की कीमत ट्रैक कर सकते हैं और AI के जरिए सामान को कार्ट में जुड़वा सकते हैं, लेकिन पेमेंट खुद ही करना होगा।