फरीदाबाद में कांग्रेस नेताओं ने मनाई राजीव गांधी की जयंती, जिलाध्यक्ष बलजीत कौशिक ने दी श्रद्धांजलि

भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की जयंती को फरीदाबाद में कांग्रेसी नेताओं ने सद्भावना दिवस के रूप में मनाया। इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बलजीत कौशिक सहित अन्य कांग्रेसी नेताओं ने ओल्ड फरीदाबाद राजीव चौक स्थित पार्क में लगी स्व. राजीव गांधी की प्रतिमा को गंगाजल से साफ किया। इसके बाद नेताओं ने प्रतिमा पर माल्यार्पण करके उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
राजीव गांधी को बताया सूचना क्रांति का जनक
इस मौके पर उपस्थितजनों को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष बलजीत कौशिक ने कहा कि राजीव गांधी भारत में सूचना क्रान्ति के जनक माने जाते हैं। देश के कम्प्यूटराइजेशन और टेलीकम्युनिकेशन क्रान्ति का श्रेय उन्हें जाता है। जिलाध्यक्ष श्री कौशिक ने यह भी बताया कि स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत रिजर्वेशन दिलवाने का काम राजीव गांधी ने ही किया था। उन्होंने कहा कि मतदाता की उम्र 21 वर्ष से कम करके 18 वर्ष तक के युवाओं को चुनाव में वोट देने का अधिकार भी राजीव गांधी ने ही दिलवाया था। श्री कौशिक ने कहा कि देश के निर्माण में राजीव गांधी के सहयोग को नकारा नहीं जा सकता है। आज भारत देश जो उन्नति के शिखर पर पहुंचा है, उसकी नींव स्व. राजीव गांधी द्वारा ही रखी गई थी।
राहुल गांधी आगे बढ़ा रहे हैं स्व. राजीव गांधी के सपने
जिलाध्यक्ष बलजीत कौशिक ने कहा कि राहुल गांधी स्व. राजीव गांधी के सपनों को साकार करने में जुटे हैं। राहुल गांधी उन्नत भारत निर्माण में अपना पूरा योगदान दे रहे हैं। कांग्रेस पार्टी हमेशा से इस देश के विकास के लिए सदैव समर्पित रही है और आगे भी समर्पित रहेगी। इस दौरान उपस्थित सभी कांग्रेसजनों ने स्व. राजीव गांधी के आदर्शो पर चलने का संकल्प लिया। इसके साथ ही सभी ने देश व समाजहित में कार्य करने का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम में यह सभी गणमान्य लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर विनोद कौशिक, पूर्व पार्षद राजेंद्र चपराना, अनिल शर्मा, कोषाध्यक्ष डा. सौरभ शर्मा, मनोज अग्रवाल, प्रियंका अग्रवाल, ललित बंसल, राकेश चपराना और सुरेश बेनीवाल मौजूद रहे। कार्यक्रम में एडवोकेट अनुज शर्मा, एन.के. शर्मा, विकास फागना, प्रेम यादव, श्याम, हब्बन खान, आजाद कुरैशी, मुख्यतार, अर्जुन सैनी, संजय शर्मा, वीरेन्दर चंदीला, डा. एच.पी. माहौर, प्रशांत कौशिक एडवोकेट, सतेन्द्र, मंगत शर्मा और मनीष बौद्ध आदि तमाम कांग्रेस जन भी उपस्थित रहे।