फरीदाबाद में दुष्कर्म केस में फंसाने की धमकी देकर 50 लाख रुपये ऐंठने के मामले में बाप-बेटे गिरफ्तार

फरीदाबाद, 20 अगस्त। फरीदाबाद में दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर रुपये ऐंठने का एक मामला सामने आया है। गुरुवार को थाना कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बाप व बेटा को गिरफ्तार किया है। आरोपितों की पहचान हरकेश और उसके बेटे करण के रूप में हुई है, जो शिव कॉलोनी, फरीदाबाद के निवासी हैं। उन पर शिकायतकर्ता के साथ मारपीट करने, जबरदस्ती अपने साथ ले जाने, दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने की धमकी देने तथा रुपये और चेक लेने के गंभीर आरोप लगे हैं।
पुलिस में दी गई शिकायत के मुख्य बिंदु
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, नाहर सिंह कॉलोनी, बल्लभगढ़ निवासी रोहित उपाध्याय ने थाना कोतवाली में शिकायत दी है। शिकायतकर्ता ने बताया कि करीब चार वर्ष पूर्व उसकी पड़ोस में रहने वाले ऑटो चालक हरकेश से दोस्ती हुई थी। हरकेश की पुत्री अंजू को शिकायतकर्ता ने एक कंपनी में नौकरी पर लगवाया था। इसी दौरान शिकायतकर्ता और अंजू के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। शिकायतकर्ता के अनुसार, 5 जुलाई 2026 को उसके जन्मदिन के अवसर पर वह अंजू के साथ एक होटल में गया था। करीब एक घंटे बाद अंजू का भाई करण अपने एक साथी के साथ होटल पहुंचा और वहां हंगामा किया।
जबरदस्ती घर ले जाकर मारपीट और धमकी
आरोपियों ने शिकायतकर्ता को जबरदस्ती ऑटो में बैठाकर शिव हरिजन कॉलोनी स्थित अपने घर ले गए। वहां पर शिकायतकर्ता के साथ मारपीट की गई और उसे दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई। इसी दौरान हरकेश ने शिकायतकर्ता के मोबाइल फोन से 80 हजार रुपये अंजू के फोन में ट्रांसफर करवा लिये। इसके बाद करण और उसका साथी शिकायतकर्ता को उसके घर लेकर गए। वहां से उसकी चेकबुक लेकर वापस अपने घर पहुंचे।
चेक पर हस्ताक्षर करवाकर 50 लाख रुपये की मांग
शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने शिकायतकर्ता से 50 लाख रुपये की राशि का एक चेक भरवाकर उस पर हस्ताक्षर करवाए, जबकि पांच अन्य खाली चेकों पर भी हस्ताक्षर करवा लिये। उन्होंने शिकायतकर्ता से 50 लाख रुपये की रकम देने का दबाव बनाया तथा रकम नहीं देने पर उसके खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज करा दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना कोतवाली पुलिस ने जांच करते हुए आरोपी हरकेश और करण को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच और कार्रवाई
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपित हरकेश को जब घटनाक्रम की जानकारी हुई तो उसने अपने बेटे करण तथा एक अन्य के साथ मिलकर शिकायतकर्ता से रुपये ऐंठने की योजना बनाई थी। आरोपितों को अदालत में पेश किया गया। अदालत से हरकेश को एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया, जबकि करण को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।