फरीदाबाद के सेक्टर 15ए में बीमारी से परेशान 17 वर्षीय युवती ने फंदा लगाकर दी जान, पुलिस जांच में जुटी

फरीदाबाद में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है जहां बीमारी से परेशान एक युवती ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान 17 वर्षीय अंजली के रूप में हुई है जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले के गांव सिरसा की रहने वाली थी। पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया गया है।
कन्नौज से फरीदाबाद आई थी मृतका
सेक्टर 15ए चौकी इंचार्ज शिव कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि मृतका अंजली कन्नौज से करीब एक महीने पहले फरीदाबाद आई थी। वह यहां सेक्टर 15ए में अपने भाई विशाल और भाभी के साथ रह रही थी। उसका भाई विशाल यहीं पर एक निजी कंपनी में काम करता है। परिवार के लोगों के मुताबिक अंजली काफी समय से बीमार चल रही थी जिसके कारण वह मानसिक रूप से परेशान थी। बीमारी के कारण ही उसका स्कूल जाना भी बंद करा दिया गया था।
मंगलवार को घर पर अकेली थी युवती
विशाल की वाइफ गर्भवती है, इसलिए अंजली को कुछ दिनों के लिए फरीदाबाद बुलाया गया था। मंगलवार को वह घर पर अकेली थी क्योंकि उसका भाई विशाल और भाभी दोनों अपने-अपने काम पर गए हुए थे। पीछे से अंजली ने घर में ही फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। जब विशाल का साला घर पर ट्यूशन से वापस आया तो उसने गेट खटखटाया, लेकिन किसी ने गेट नहीं खोला।
खिड़की से देखा शव और दी पुलिस को सूचना
जब गेट नहीं खुला तो उसने खिड़की से अंदर देखा कि अंजली ने फांसी लगाई हुई थी। इसके तुरंत बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सेक्टर 15ए चौकी इंचार्ज शिव कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल में रखवा दिया है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।