फरीदाबाद में शराब पीने से रोकने पर पति ने पत्नी को पीटा, दूसरी मंजिल से नीचे गिरी महिला

फरीदाबाद के सेक्टर-84 में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शराब पीने से मना करने पर पति और पत्नी के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि पति ने अपनी पत्नी के साथ मारपीट की। धक्का-मुक्की के दौरान महिला मकान की दूसरी मंजिल से नीचे गिर गई। इस हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है। उनके दाहिने पैर के टखने और रीढ़ की हड्डी में गंभीर फ्रैक्चर हुआ है। उनका इलाज अस्पताल में कराया गया है।
कस्टमर सर्विस मैनेजर हैं पीड़िता नीरू चौधरी
पीड़िता नीरू चौधरी सेक्टर-84 स्थित मकान में रहती हैं। वह रेवाड़ी की एक कंपनी में कस्टमर सर्विस मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। नीरू के मुताबिक उनका पति सुरजीत सिंह शराब पीने का आदी है। महिला का गंभीर आरोप है कि वह पहले भी उसे मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान करता रहा है। गुरुवार को भी शराब पीने को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ था।
शराब पीने का विरोध करने पर शुरू हुई मारपीट
महिला ने पुलिस को दी गई जानकारी में बताया कि घर पहुंचने के करीब दो घंटे बाद उसका पति शराब पीने लगा। जब महिला ने इसका विरोध किया तो वह गुस्से से आगबबूला हो गया। आरोप है कि पति ने चप्पलों, थप्पड़ों और घूंसों से उसकी जमकर पिटाई की। इसके बाद उसने घर के दरवाजे अंदर से बंद कर दिए। नीरू किसी तरह अपनी जान बचाकर घर से बाहर निकली और गैलरी में पहुंची। आरोप है कि पति ने वहां भी उसका पीछा किया और उसके साथ धक्का-मुक्की की।
दूसरी मंजिल से नीचे गिरी महिला
इसी दौरान संतुलन बिगड़ने के कारण वह दूसरी मंजिल की गैलरी से नीचे जमीन पर गिर पड़ी। इस भयानक हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के तुरंत बाद महिला के भाई ने उसे सेक्टर-83 स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची।
पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा
मेडिकल जांच के दौरान महिला के शरीर पर कुल पांच चोटें पाई गईं। एक्स-रे की रिपोर्ट में टखने और रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर होने की पुष्टि हुई है। महिला के आधिकारिक बयानों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर बीपीटीपी थाना पुलिस ने आरोपी पति सुरजीत सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। बीपीटीपी इंचार्ज जितेन्द्र ने इस मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस फिलहाल पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और इस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से जानकारी जुटाई जा रही है।