फरीदाबाद में पतंग विवाद: 12 साल के बच्चे ने पड़ोसी बच्चे के पेट में घोंपा चाकू, अस्पताल में भर्ती

फरीदाबाद से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। मवई गांव की करुणा कॉलोनी में मंगलवार के दिन पतंग काटने को लेकर बच्चों के बीच विवाद हो गया था। यह विवाद इतना ज्यादा बढ़ गया कि 12 साल के एक बच्चे ने अपने ही पड़ोस में रहने वाले 12 साल के दूसरे बच्चे पर चाकू से हमला कर दिया। आरोप है कि बच्चे ने अपने घर से सब्जी काटने वाला चाकू उठाया और दूसरे बच्चे के पेट में चार बार वार कर दिए। इस हमले में गंभीर रूप से घायल हुए बच्चे को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसका इलाज चल रहा है।
पतंग उड़ाने के दौरान शुरू हुआ था बच्चों का विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार के दिन दोनों बच्चे पड़ोसी हैं और आपस में खेल रहे थे। इसी दौरान पतंग उड़ाने को लेकर दोनों बच्चों के बीच आपसी विवाद शुरू हो गया था। घायल बच्चे ने दूसरे बच्चे की पतंग काट दी थी जिससे वह बच्चा काफी नाराज हो गया था। आरोप लगाया गया है कि इसके बाद वह बच्चा अपने घर गया और वहां से सब्जी काटने वाला चाकू उठा लाया। उसने आकर दूसरे बच्चे के पेट में चार बार चाकू घोंप दिया। इस अचानक हुए हमले के बाद मौके पर भारी अफरा-तफरी मच गई और घायल बच्चे को तुरंत अस्पताल ले जाया गया।
घायल बच्चे की हालत गंभीर, पुलिस कर रही है मामले की जांच
इस खतरनाक हमले में बच्चे के पेट में बेहद गंभीर चोटें आई हैं और उसका अस्पताल में लगातार उपचार चल रहा है। पुलिस के अनुसार, घायल बच्चे की मौजूदा हालत को देखते हुए डॉक्टर ने उसे फिलहाल अपना स्टेटमेंट देने के लिए अनफिट घोषित किया है। पुलिस का कहना है कि बच्चे का बयान दर्ज होने के बाद ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं दूसरी और घायल बच्चे के परिजनों की तरफ से यह गंभीर आरोप लगाया गया है कि पड़ोसी पक्ष की ओर से उन्हें पहले भी धमकियां दी जा चुकी थीं। इस घटना की सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस मौके पर पहुंची और इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटना से जुड़े सभी जरूरी तथ्यों को जुटाने के साथ-साथ दोनों बच्चों के परिजनों से भी पूछताछ की है। चूंकि इस घटना में शामिल दोनों बच्चे नाबालिग हैं, इसलिए पुलिस इस पूरे मामले में नियमानुसार अपनी कार्रवाई कर रही है।