फरीदाबाद में जलभराव पर कांग्रेस का हमला, बलजीत कौशिक बोले- ट्रिपल इंजन सरकार पूरी तरह फेल

Team Atal Hind7 August 20261 min read25 viewsफरीदाबाद
फरीदाबाद में जलभराव पर कांग्रेस का हमला, बलजीत कौशिक बोले- ट्रिपल इंजन सरकार पूरी तरह फेल

फरीदाबाद में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बाद शहर में उत्पन्न जलभराव की समस्या को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बलजीत कौशिक ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि औद्योगिक नगरी फरीदाबाद में भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है। लोगों को स्मार्ट सिटी का सपना दिखाकर जनता को स्लम सिटी बनाकर दे दी गई है। फरीदाबाद से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए अटल हिन्द पर विजिट करें।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

शहर की जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त

बलजीत कौशिक ने कहा कि शहर का अधिकांश हिस्सा जलमग्न हो चुका है और सडक़ों पर कई फीट तक पानी जमा होने से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और प्रदेश में भाजपा सरकार होने के साथ-साथ नगर निगम में भी भाजपा का शासन होने के बावजूद शहर की जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई है।

नेता और पार्षद होने के बावजूद बद से बदतर हालात

उन्होंने कहा कि फरीदाबाद में एक केंद्रीय मंत्री, एक कैबिनेट मंत्री, एक राज्य मंत्री, मेयर और 46 पार्षद होने के बावजूद शहर की स्थिति बद से बदतर हो गई है। जगह-जगह जलभराव के कारण लोग पिछले 24 घंटों से अपने घरों में कैद रहने को मजबूर हैं। बाजारों में आवाजाही प्रभावित है, कई मार्ग बंद पड़े हैं और बच्चों की स्कूल शिक्षा भी प्रभावित हुई है।

स्थायी व्यवस्था की मांग

कौशिक ने कहा कि बारिश के हर मौसम में फरीदाबाद की यही तस्वीर सामने आती है, लेकिन इसके बावजूद सरकार और नगर निगम ने जल निकासी की स्थायी व्यवस्था करने के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया। उन्होंने मांग की कि जलभराव वाले क्षेत्रों से जल्द पानी निकाला जाए, प्रभावित लोगों को राहत दी जाए और भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए।

Share:

Comments

Leave a comment