फरीदाबाद में पांच सौ रुपए मांगने पर युवक की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

फरीदाबाद में पांच सौ रुपए मांगने को लेकर हुए विवाद में एक युवक की हत्या कर दी गई है। फरीदाबाद से 31 अगस्त की यह घटना सामने आई है। साथ काम करने वाले युवक ने शराब के नशे में इस वारदात को अंजाम दिया है। आरोपी ने पहले बीयर की बोतल मृतक के सिर में फोड़ी और फिर कांच उसके गले में घोंप दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एनआईटी थाना पुलिस ने हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
मृतक और आरोपी की पहचान
मृतक की पहचान गांधी कॉलोनी निवासी 26 वर्षीय सागर के रूप में हुई है। सागर आरोपी कालू के साथ चेन-कुप्पी यानी भारी सामान उठाने का काम करता था। आरोपी कालू भी गांधी कॉलोनी का ही रहने वाला है। कालू एक ठेकेदार है और सागर उसके साथ मजदूरी का काम करता था।
शराब पीने के दौरान हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार रविवार की रात सागर और कालू रेलवे स्टेशन के पास बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच आपसी विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि शराब पीने के दौरान ही सागर ने कालू से अपने 500 रुपए वापस मांगे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। कुछ ही देर में यह मामूली विवाद बढ़कर एक बड़े झगड़े में बदल गया।
बीयर की बोतल और कांच से हमला
आरोप है कि झगड़े के दौरान कालू ने बीयर की बोतल सागर के सिर पर मारकर तोड़ दी। इसके बाद आरोपी ने टूटी हुई बोतल के कांच से सागर के गले और पेट पर कई वार किए। गंभीर चोट लगने के कारण सागर जमीन पर गिर गया। घटना के बाद परिजन घायल सागर को इलाज के लिए ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद सागर को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने बताया कि सागर के गले में कांच लगने से नसें पूरी तरह कट गई थीं, जिसके कारण उसकी मौत हो गई।
पुलिस की कार्रवाई
थाना एनआईटी प्रभारी महाबीर ने इस मामले की जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखवा दिया है। पुलिस घटनास्थल की बारीकी से जांच कर रही है और इस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहराई से जांच की जा रही है।