जींद: खनौरी-दाता सिंहवाला बॉर्डर पर किसानों ने समाप्त किया धरना, चार सितंबर को केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल से होगी बैठक

हरियाणा व पंजाब के खनौरी-दाता सिंहवाला बॉर्डर पर किसानों का धरना समाप्त हो गया है। चार सितंबर काे केंद्रीय मंत्री मनाेहर लाल से किसानों की बैठक हाेगी। जींद में 19 अगस्त को हरियाणा व पंजाब के खनौरी-दाता सिंहवाला बॉर्डर पर किसानों की बुधवार को प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत हुई। इस बैठक में अधिकारियों द्वारा यह आश्वासन दिया गया कि अगामी चार सितंबर को दिल्ली में केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल के साथ उनकी बैठक करवाई जाएगी। अधिकारियों के इस आश्वासन को किसानों ने मान लिया है।
एसडीएम नरवाना के आश्वासन पर किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल ने अपनी यात्रा चार सितंबर तक स्थगित करने का ऐलान किया है। वहीं खनौरी-दाता सिंहवाला बॉर्डर खुलने से राहगीरों और स्थानीय लोगों ने बहुत राहत की सांस ली है। इस बैठक में किसान नेता डल्लेवाल ने कहा कि हरियाणा सरकार ने किसानों को यात्रा से रोका था। अब अगर चार सितंबर को बैठक में सकारात्मक परिणाम नहीं आया तो किसान पूरे भारत में फिर से अपनी यात्रा शुरू करेंगे। इसके साथ ही अब किसानों ने अपना धरना भी समाप्त करने की आधिकारिक घोषणा कर दी है।
गौरतलब है कि गत 16 अगस्त को किसानों के दिल्ली कूच को देखते हुए दातासिंह वाला बार्डर को पूरी तरह से सील कर दिया गया था। इस प्रशासनिक कार्रवाई पर किसानों ने पंजाब के खनौरी बार्डर पर अपना धरना शुरू कर दिया था। अधिकारियों ने एहतियात के तौर पर दातासिंह वाला बार्डर सील किया था। बुधवार को किसान नेता अभिमन्यू कुहाड़ के नेतृत्व में पांच सदस्यीय शिष्टमंडल अधिकारियों से बातचीत करने पहुंचा था। इस वार्ता में चार सितंबर को केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल से बातचीत करवाने का स्पष्ट आश्वासन दिया गया। इसी आश्वासन पर किसानों ने दिल्ली कूच को स्थगित कर दिया और अपना धरना भी समाप्त कर दिया है।