फतेहाबाद साइबर पुलिस की बड़ी सफलता: गुम हुए 11 मोबाइल फोन बरामद कर लोगों को लौटाए

फतेहाबाद साइबर पुलिस की सराहनीय पहल: गुम हुए 11 मोबाइल फोन बरामद कर लौटाई लोगों के चेहरों की मुस्कान
आधुनिक तकनीक और त्वरित कार्रवाई से लाखों रुपये मूल्य के मोबाइल फोन सफलतापूर्वक रिकवर
फतेहाबाद /11 सितंबर 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
फतेहाबाद साइबर पुलिस ने सराहनीय पहल करते हुए विभिन्न शिकायतों में गुम हुए 11 मोबाइल फोन सफलतापूर्वक बरामद कर लिए हैं। आधुनिक तकनीक और त्वरित कार्रवाई के माध्यम से लाखों रुपये मूल्य के मोबाइल फोन रिकवर किए गए हैं। साइबर पुलिस की इस कार्रवाई से मोबाइल धारकों के चेहरों पर फिर से मुस्कान लौट आई है।
एसपी निकिता खट्टर ने सौंपे फोन
पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एक संक्षिप्त कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के दौरान एसपी श्रीमती निकिता खट्टर ने बरामद सभी मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे। अपना खोया हुआ मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने फतेहाबाद पुलिस का आभार व्यक्त किया। साथ ही लोगों ने साइबर थाना टीम की त्वरित कार्रवाई और तकनीकी दक्षता की सराहना की।
आईएमईआई ट्रैकिंग और डिजिटल तकनीक से मिली सफलता
साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक राहुल कुमार के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया था। इस टीम ने आईएमईआई ट्रैकिंग, डिजिटल सर्विलांस तथा तकनीकी विश्लेषण के माध्यम से गुम मोबाइल फोन का पता लगाया। प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने विभिन्न स्थानों से मोबाइल फोन बरामद किए। सभी मोबाइलों की विधिवत पहचान सुनिश्चित करने के बाद उन्हें उनके वास्तविक मालिकों को सुरक्षित सुपुर्द कर दिया गया है।
इन नागरिकों को मिले उनके मोबाइल
मोबाइल प्राप्त करने वाले नागरिकों में अजय पुत्र देशराज निवासी जमालपुर, रामू पुत्र हरीसिंह निवासी नाडौडी भूना, प्रेम चंद पुत्र मोमनराम निवासी टोहाना, वेद कुमार पुत्र फकीर निवासी बडोपल, मनप्रित पुत्र गुरदेव निवासी जाखल, आरती पुत्री हरपाल निवासी खाबड़ा, राजेन्द्र कुमार पुत्र बुधराम निवासी भट्टू कलां, विकास पुत्र पालाराम निवासी जाखल, मोहित पुत्र सुबेश्याम निवासी जीन्द, खुशी पुत्री आन्नद निवासी टोहाना और सन्दीप निवासी आदमपुर हिसार शामिल हैं।
तकनीक तभी सार्थक है जब राहत मिले: एसपी
एसपी निकिता खट्टर ने कहा कि गुम मोबाइल फोन बरामद कर उन्हें उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाना केवल तकनीकी उपलब्धि नहीं है। यह फतेहाबाद पुलिस की संवेदनशील, जवाबदेह और जनसेवा के प्रति समर्पित कार्यशैली का परिचायक है। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक का प्रभावी उपयोग करते हुए साइबर पुलिस आमजन को त्वरित राहत उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यदि किसी का मोबाइल फोन गुम हो जाए अथवा वह किसी प्रकार की साइबर ठगी का शिकार हो, तो बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाएं। साथ ही निकटतम पुलिस थाना या साइबर थाना में भी तुरंत सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर नुकसान को रोका जा सके।