फतेहाबाद में 9 से 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान, 14 अगस्त को निकलेगी भव्य तिरंगा रैली

फतेहाबाद जिला 9 से 17 अगस्त तक राष्ट्र की आन, बान और शान तिरंगे के रंग में रंगा नजर आएगा। हर घर तिरंगा एवं वंदे मातरम् अभियान के तहत जिलेभर में देशभक्ति से ओतप्रोत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साइकिल, बाइक और ई-बाइक तिरंगा यात्राओं के साथ तिरंगा कॉन्सर्ट, देशभक्ति संगीत कार्यक्रम, तिरंगा एवं वंदे मातरम् प्रदर्शनी, रंगोली प्रतियोगिता और सेल्फी विद तिरंगा अभियान विशेष आकर्षण रहेंगे। 14 अगस्त को पंचायत भवन से डीपीआरसी हॉल तक तिरंगा बाइक और साइकिल रैली निकाली जाएगी।
हर घर पर लहराए तिरंगा, हर दिल में जगे देशभक्ति का भाव
डीसी डॉ. विवेक भारती ने शुक्रवार को लघु सचिवालय के सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अभियान की समीक्षा की। डीसी ने अधिकारियों और कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे अभियान को राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ आगे बढ़ाएं। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे 9 अगस्त से अपने घरों, कार्यालयों और संस्थानों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराएं तथा तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी लेकर निर्धारित वेबसाइट पर अपलोड करें। अभियान के दौरान जिले के प्रमुख सरकारी भवनों, सार्वजनिक स्थलों, बाजारों एवं चौराहों को तिरंगी रोशनी से सजाया जाएगा।
स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्रीय ध्वज का गौरव बताएंगी प्रदर्शनियां
तिरंगा एवं वंदे मातरम् विषय पर विशेष प्रदर्शनियां आयोजित की जाएंगी जिनमें स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्रीय ध्वज के इतिहास से जुड़ी जानकारियां प्रदर्शित होंगी। डीसी डा. विवेक भारती ने बताया कि अभियान में एनसीसी, एनएसएस, माय भारत, युवा क्लब, स्वयंसेवी संस्थाएं, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन, स्वयं सहायता समूह, खेल संगठन और आम नागरिक सक्रिय रूप से भाग लेंगे। सभी स्कूल और कॉलेजों में भी भागीदारी बढ़ाई जाएगी। इस बैठक में एडीसी अनुराग ढालिया, एसडीएम राजेश कुमार, मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुरेश कुमार, डीएमसी प्रवीण कुमार, सीटीएम गौरव गुप्ता, डीईओ संगीता बिश्नोई, डीपीओ कविता, डिप्टी सीएमओ मेजर शरद टूली सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।