फतेहाबाद में हड़ताली पटवारियों और कानूनगो ने किया प्रदर्शन

हड़ताली पटवारियों व कानूनगों ने प्रदर्शन सौंपा ज्ञापन
फतेहाबाद/ 26 अगस्त 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
फतेहाबाद में मांगों को लेकर रेवेन्यू पटवार एवं कानूनगो एसोसिएशन हरियाणा के बैनर तले बुधवार को भी पटवारियों व कानूनगो की हड़ताल जारी रही। हड़ताली कर्मचारियों ने जिला उपप्रधान कृष्ण कुमार की अध्यक्षता में लघुसचिवालय के बाहर धरना दिया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन करते हुए जिलेभर के पटवारी व कानूनगो लघुसचिवालय पहुंचे और एसडीएम राजेश कुमार को राजस्व मंत्री के नाम एक 8-सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।
जिला प्रधान सुरेश कुमार पटवारी ने बताया कि संगठन ने राज्य सरकार और राजस्व विभाग की नीतियों के विरोध में मोर्चा खोल दिया है। एसोसिएशन ने राजस्व मंत्री से कर्मचारियों की लंबित समस्याओं और राजस्व रिकॉर्ड के संरक्षण से जुड़ी मांगों के जल्द समाधान की मांग की है। यदि इन मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई, तो पटवारी और कानूनगो अपने कार्य बहिष्कार और धरने को समाप्त नहीं करेंगे।
ऑनलाइन पोर्टल की खामियां दूर करने की मांग
जमाबंदी और इंतकाल के लिए बनाए गए ऑनलाइन पोर्टल की सभी तकनीकी खामियों को तुरंत दूर किया जाए। यदि पोर्टल में तकनीकी गलती होती है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी आईटी डिपार्टमेंट की तय की जाए। 25 अगस्त से बंद किए गए पटवारियों के यूजर आईडी बहाल किए जाएं तथा ऑटो-म्यूटेशन की जिम्मेदारी भी आईटी विभाग की तय हो। पोर्टल को कानूनी मान्यता देने हेतु लैंड रिकॉर्ड मैनुअल संशोधित किया जाए। जब तक पोर्टल पूरी तरह तैयार नहीं होता, इसे किसी एक गांव या तहसील में पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर चलाकर कमियां दुरुस्त की जाएं।
अन्य विभागों और समर्थन से जुड़ी प्रमुख मांगें
अन्य राज्यों की तर्ज पर डिजिटल क्रॉप सर्वे का कार्य प्राइवेट एजेंसियों से करवाया जाए। कैबिनेट से पास हो चुकी फाइल के आधार पर नवनियुक्त पटवारियों का नोटिफिकेशन जारी कर 1 जनवरी 2025 से बकाया वेतन एरियर दिया जाए। रोवर मशीन से पैमाइश हेतु सभी कानूनगो को प्रशिक्षण, तकनीकी ऑपरेटर, मशीन का इंश्योरेंस और आने-जाने के लिए सरकारी गाड़ी मुहैया कराई जाए। बीते कई वर्षों से लंबित एलटीसी तथा गिरदावरी सहायक के मानदेय का एकमुश्त भुगतान तुरंत किया जाए। पटवारियों की तर्ज पर कानूनगो की पिछले तीन वर्षों से लंबित इंक्रीमेंट फाइल को अविलंब मंजूरी दी जाए। तहसीलों में ऑनलाइन कार्य हेतु कंप्यूटर, प्रिंटर और स्कैनर उपलब्ध कराए जाएं तथा फील्ड वर्क के लिए पटवारियों को टैबलेट दिए जाएं।
विभिन्न संगठनों का मिला समर्थन
धरने को विभिन्न संगठनों और कर्मचारियों का पूरा समर्थन मिला। इस प्रदर्शन को नंबरदार एसोसिएशन, किसान सभा, एसटीएफआई, गेस्ट टीचर संघ, सर्व कर्मचारी संघ के प्रदेश महासचिव कृष्ण नैन, बिजली बोर्ड से रामनिवास, सुरजीत तुषाद, बेगराज, भूप सिंह भडौलावाली, नरेश शास्त्री, सीएन भारती, राजपाल मिताथल सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारी व संगठनों के सदस्यों ने समर्थन देने का ऐलान किया।